Toll Plaza: गडकरी का बड़ा एलान, अब टोल प्लाजा पर नहीं लगेगी कतार, जितना चलेंगे उतना ही कटेगा टोल,
जानें क्या है पूरा प्लान
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Toll Plaza: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में यात्रा कवच 2025 कार्यक्रम के दौरान एक अहम घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार देशभर के हाईवे पर टोल वसूली की पूरी प्रक्रिया को ऑटोमेटिक बनाने पर तेजी से काम कर रही है। इस नई तकनीक से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों को खत्म किया जाएगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। चार प्रमुख हाईवे पर इस सिस्टम के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है और जल्द ही इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा।
हाईवे पर लगेगा 6 इंच का स्कैनर पाइप
नितिन गडकरी ने बताया कि नए सिस्टम में हाईवे की एंट्री पर छह इंच के पाइप लगाए जाएंगे जिनमें कैमरे और स्कैनर होंगे। ये डिवाइस फास्टैग को स्कैन करेंगे और केवल उतनी दूरी के लिए टोल काटा जाएगा, जितनी दूरी यात्री ने तय की है। इससे अब पूरे रूट का टोल नहीं देना पड़ेगा। यह सिस्टम टोल वसूली में पारदर्शिता लाएगा और समय की बचत भी होगी।
रोड सेफ्टी गीत 22 भाषाओं में होगा जारी
सड़क सुरक्षा पर भी मंत्री ने खास जोर दिया। उन्होंने बताया कि देश में हर साल करीब 1.80 लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा देते हैं, जो बहुत दुखद है। इसके समाधान के लिए प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन ने रोड सेफ्टी पर एक गीत तैयार किया है, जिसे 22 भाषाओं में रिलीज किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हों।
दुर्घटनाओं को कम करेगा इंटेलिजेंट रोड सिस्टम
कार्यक्रम में उत्कर्ष इंडिया के चेयरमैन सुनील बंसल ने कहा कि सड़क सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर हादसों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि इंटेलिजेंट इंफ्रास्ट्रक्चर न केवल दुर्घटनाओं को घटाता है, बल्कि सफर की गुणवत्ता और सुरक्षा भी बढ़ाता है।
भारत को मिलेंगी सुरक्षित और स्मार्ट सड़कें
यात्रा कवच 2025 जैसी पहल को उत्कर्ष बंसल ने देश में विश्वस्तरीय सड़क व्यवस्था को साकार करने वाला मील का पत्थर बताया। उनका मानना है कि इस तरह की तकनीकी और सुरक्षा पहलों से भारत की सड़कों को सुरक्षित और आधुनिक बनाया जा सकेगा।