अप्रैल 2025 में मारुति सुजुकी की जबरदस्त बिक्री,
बनाया नया रिकॉर्ड, जानें खास बातें
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Maruti Suzuki : भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अप्रैल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने कुल 1,79,791 यूनिट गाड़ियों की बिक्री की, जो अप्रैल 2024 की तुलना में 7% अधिक है। पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने 1,68,089 गाड़ियां बेची थीं। मारुति की इस कुल बिक्री में 1,42,053 यूनिट गाड़ियां भारत में बेची गईं। इसके अलावा 9,827 गाड़ियां अन्य कंपनियों (OEMs) को बेची गईं और 27,911 गाड़ियां विदेशों में निर्यात की गईं।
कंपनी की घरेलू बिक्री में 4.1% की बढ़त
कंपनी की घरेलू बिक्री (जिसमें पैसेंजर व्हीकल्स, LCV और OEM शामिल हैं) कुल मिलाकर 1,51,880 यूनिट रही। यह पिछले साल के 1,45,929 यूनिट की तुलना में 4.1% की बढ़त है। सिर्फ घरेलू पैसेंजर व्हीकल्स और हल्की व्यावसायिक गाड़ियों की बात करें तो 1,42,053 यूनिट बिकीं। यह 1.1% अधिक है, क्योंकि अप्रैल 2024 में यह संख्या 1,40,448 यूनिट थी। पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में भी हल्की बढ़त देखी गई। अप्रैल 2025 में 1,38,704 यूनिट गाड़ियां बिकीं जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 1,37,952 यूनिट था। यूटीलिटी व्हीकल्स जैसे ब्रेज़ा, अर्टिगा, फ्रॉन्क्स और ग्रैंड विटारा की बिक्री 4.4% बढ़कर 59,022 यूनिट पहुंच गई, जो अप्रैल 2024 में 56,553 यूनिट थी।
बैलेनो, डिजायर और स्विफ्ट ने दिखाया दम
कॉम्पैक्ट सेगमेंट जिसमें बैलेनो, डिजायर, स्विफ्ट और वैगनआर शामिल हैं, उन्होंने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस वर्ग की बिक्री 8.2% बढ़कर 61,591 यूनिट रही, जो पिछले साल 56,953 यूनिट थी। हालांकि, मिनी सेगमेंट (अल्टो और एस-प्रेसो) में गिरावट आई। इसकी बिक्री 6,332 यूनिट रही, जो कि पिछले साल 11,519 यूनिट थी। वहीं सियाज सेडान की बिक्री में भी भारी गिरावट आई। इस बार केवल 321 यूनिट बिकीं, जबकि पिछले साल 867 यूनिट बिकी थीं। कंपनी ने हाल ही में Ciaz को बंद भी कर दिया है।
ईको वैन की बिक्री में हल्की गिरावट
वहीं अगर बात करें ईको वैन की तो इसकी बिक्री भी थोड़ी घटी और 11,438 यूनिट रही, जो पिछले साल 12,060 यूनिट थी। दूसरी तरफ, सुपर कैरी LCV की बिक्री में 34.2% की ज़बरदस्त बढ़त देखी गई। इस बार 3,349 यूनिट बिकीं, जबकि अप्रैल 2024 में 2,496 यूनिट बिकी थीं। अन्य कंपनियों को गाड़ियों की बिक्री में 79.3% की बढ़ोतरी हुई, और ये संख्या 5,481 से बढ़कर 9,827 यूनिट हो गई। निर्यात (Export) में भी अच्छा उछाल देखा गया। अप्रैल 2025 में 27,911 गाड़ियां विदेश भेजी गईं, जो अप्रैल 2024 के 22,160 यूनिट से 25.9% ज्यादा हैं। मारुति सुजुकी का यह प्रदर्शन कंपनी की बाज़ार में मजबूत पकड़ को दर्शाता है।