देश में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, अब तक 14 की मौत,
यूपी के व्यक्ति की चंडीगढ़ में मौत
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
COVID-19 India 2025: देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश में इस समय कुल 1321 एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा 430 केस केरल से सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 385 एक्टिव केस हैं, जिनमें से 325 सिर्फ मुंबई में हैं। वहीं देश भर में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या अब बढ़कर 14 हों गई है।
ठाणे में बुजुर्ग की मौत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र के ठाणे में बुधवार को 67 साल के एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। वह 25 मई को अस्पताल में भर्ती हुआ था। प्रेस रिलीज के अनुसार, उसे पहले से हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज थी। साथ ही, उसने कोविड वैक्सीन नहीं लगवाई थी।
चंडीगढ़ में एक और मौत
वहीं, चंडीगढ़ में भी बुधवार को यूपी के रहने वाले 40 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। वह पंजाब के लुधियाना में काम करता था। जहां से सांस लेने में दिक्कत होने पर उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया था। वहां टेस्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकला। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जयपुर में दो मौतें
वहीं 26 मई को जयपुर में कोरोना के दो मरीजों की मौत हुई। जिनमे से एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन पर मृत मिला, जिसकी रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव आई। वहीं दूसरी मौत एक 26 साल के युवक की हुई, जो प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती था। उसे पहले से टीबी की बीमारी थी।
महाराष्ट्र में लगातार मौतें
वहीं महाराष्ट्र के ठाणे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हुई। वहीं 25 मई को एक 21साल के युवक की भी मौत हुई, जो 22 मई से अस्पताल में भर्ती था।
कर्नाटक और केरल से भी बुरी खबरें
वहीं 17 मई को बेंगलुरु (कर्नाटक) में 84 साल के बुजुर्ग की मल्टी ऑर्गन फेल्योर से मौत हुई। जिसके बाद 24 मई को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बताया जा रहा है कि, केरल में भी अब तक दो लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो चुकी है।
अब तक 6 राज्यों में 14 मौतें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक कोरोना से देश में कुल 14 लोगों की मौत हो चुकी है। यह मामले 6 राज्यों से सामने आए हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।