युवा, खूबसूरत और हेल्दी रहना चाहते हैं? रोज खट्टे फल खाएं;
आंवला या नींबू—कौन है ज्यादा फायदेमंद?
8 days ago
Written By: Aniket Prajapati
अगर आप लंबे समय तक जवान दिखना चाहते हैं, हेल्दी स्किन चाहते हैं और बीमारियों से दूर रहना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में खट्टे फल जरूर शामिल करें। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन-C और कई जरूरी पोषक तत्व शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं और बीमारियों से बचाते हैं। आयुर्वेद में विशेष रूप से आंवला और नींबू को दवा जितना असरदार माना गया है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर दोनों में कौन सा फल ज्यादा फायदेमंद है और किसमें विटामिन-C की मात्रा सबसे अधिक होती है?
आंवला या नींबू—कौन है बेहतर?
विशेषज्ञों के अनुसार आंवला विटामिन-C का सबसे समृद्ध स्रोत है और यह नींबू से कई गुना ज्यादा प्रभावी है। एक आंवला रोजाना खाने से आपके शरीर की डेली विटामिन-C की जरूरत लगभग पूरी हो जाती है। वहीं नींबू में आंवला के मुकाबले लगभग 20 गुना कम विटामिन-C पाया जाता है। आंवला इम्यूनिटी को मजबूत करता है, शरीर में एंटीऑक्सीडेंट का स्तर बढ़ाता है और फैट को पचाने में मदद करता है। यह ब्लड शुगर नियंत्रित करने में सहायक होता है और फैट स्टोरेज को कम करता है। बालों और त्वचा के लिए तो आंवला बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। नियमित सेवन से आंखों की रोशनी बेहतर रहती है और एंटी-एजिंग इफेक्ट भी मिलता है।
नींबू के फायदे—डिटॉक्स और मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा
नींबू भी अपने फायदों में कम नहीं है। यह खासतौर पर पाचन सुधारने, गैस और पेट फूलने की समस्या कम करने में मदद करता है। मोटापा कम करने के लिए सुबह नींबू पानी बेहद असरदार माना जाता है। यह शरीर को डिटॉक्स करता है और मेटाबॉलिज्म बढ़ाता है। नींबू से शरीर तुरंत ऊर्जा पाता है और आप खुद को हल्का और रिफ्रेश महसूस करते हैं।
विटामिन-C किसमें ज्यादा?
आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार—
- एक मीडियम साइज के नींबू में लगभग 30 mg विटामिन-C होता है।
- वहीं एक मीडियम साइज का आंवला खाने से शरीर को 300–400 mg तक विटामिन-C मिलता है।
यानी स्पष्ट है कि विटामिन-C की मात्रा के मामले में आंवला नींबू, संतरा और अन्य सभी खट्टे फलों से कहीं आगे है। दिन में एक आंवला खाने से शरीर की विटामिन-C की कमी आसानी से पूरी की जा सकती है और इम्यूनिटी भी मजबूत रहती है।