कॉमेडियन भारती सिंह ने इंटरमिटेंट फास्टिंग से घटाया 15 किलो वजन,
बताया अपना तरीका
1 months ago
Written By: अनिकेत प्रजापति
भारती सिंह देश की सबसे फेमस कॉमेडियन्स में से एक हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और करिश्माई अंदाज उन्हें अलग पहचान देते हैं। हालांकि, भारती ने अपने जीवन में कई संघर्ष भी झेले हैं और बॉडी शेमिंग का भी शिकार बनीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और वेट लॉस करके सभी को हैरान कर दिया। भारती ने 10 महीने में 15 किलो से ज्यादा वजन घटाया। उन्होंने अपने वजन घटाने के सफर में खास तौर से इंटरमिटेंट फास्टिंग का सहारा लिया और बिना जिम या भारी एक्सरसाइज किए अपना लक्ष्य हासिल किया।
बिना जिम एक्सरसाइज के भारती ने घटाया वजन
भारती ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने जिम में पसीना बहाए बिना ही वजन कम किया। भारती अपनी डाइट में ब्रेकफास्ट में सफेद मक्खन और गोभी का पराठा शामिल करती थीं। नाश्ते और लंच के बाद उनकी डाइट काफी नियंत्रित हो जाती थी। रात का मील हल्का रखा जाता था, और कई बार रात में खाना ही नहीं खाती थीं। उनका डिनर शाम 7 बजे तक पूरा हो जाता था। इस तरह वे अपने खाने और भूखे रहने के समय को संतुलित करती थीं।
इंटरमिटेंट फास्टिंग से मिली सफलता
भारती ने वजन घटाने में इंटरमिटेंट फास्टिंग को सबसे प्रभावी तरीका बताया। इंटरमिटेंट फास्टिंग डाइटिंग का एक तरीका है जिसमें खाने और उपवास के समय को निर्धारित किया जाता है। इस फास्टिंग से शरीर को कैलोरी बर्न करने का मौका मिलता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
इंटरमिटेंट फास्टिंग के प्रकार
16/8 मेथड: 24 घंटे में 16 घंटे उपवास और 8 घंटे खाने की विंडो। उदाहरण: रात 8 बजे खाना और अगले दिन दोपहर 12 बजे अगला भोजन।
5:2 डाइट: हफ्ते में 5 दिन सामान्य खाना और 2 दिन कम कैलोरी (लगभग 500–600)।
Eat-Stop-Eat: हफ्ते में 1–2 बार 24 घंटे का उपवास। उदाहरण: रात के खाने से अगले दिन रात तक कुछ नहीं खाना।
Alternate-Day Fasting: एक दिन सामान्य खाना और अगला दिन बहुत कम कैलोरी या बिल्कुल नहीं।
इस तरह भारती सिंह ने अपनी मेहनत, सही डाइट और फास्टिंग से फिटनेस हासिल की और सभी के लिए प्रेरणा बन गईं।