कहीं आप भी तो नहीं हो रहे कुकी जारिंग का शिकार,
क्या है ये नया ट्रेंड
5 days ago
Written By: ANJALI
सोशल मीडिया पर अक्सर रिलेशनशिप और डेटिंग से जुड़े नए-नए ट्रेंड सामने आते रहते हैं। कभी फेक वेडिंग ट्रेंड, कभी सिचुएशनशिप, कभी फ्रेंडशिप मैरिज—ऐसे कई नाम वायरल होते रहते हैं। इन दिनों एक और नया ट्रेंड चर्चा में है, जिसे कुकी जारिंग (Cookie Jarring) कहा जा रहा है। नाम भले ही मीठा लगे, लेकिन यह ट्रेंड कई लोगों के लिए इमोशनल स्ट्रेस और रिश्तों में अविश्वास की वजह बन रहा है।
क्या है कुकी जारिंग?
कुकी जारिंग का मतलब है एक समय में कई लोगों को डेट करना, लेकिन किसी भी रिश्ते में सच्ची वफादारी न रखना। इसमें लोग पॉलीअमरी यानी ओपन रिलेशनशिप में नहीं होते, बल्कि सिर्फ बैकअप रखते हैं। यानी अगर उनका मुख्य रिश्ता टूट जाए, तो दूसरा ऑप्शन पहले से तैयार रहता है।
कुकी जारिंग में होता क्या है?
इस ट्रेंड में व्यक्ति केवल अपनी ज़रूरत और अटेंशन के लिए रिश्ते में रहता है, लेकिन कोई गंभीर कमिटमेंट नहीं करता। जब उसका मन होता है तो सामने वाले के साथ समय बिताता है, और जब बोर हो जाता है तो दूसरे विकल्प की तरफ चला जाता है। इसे इस तरह समझ सकते हैं जैसे जार में रखी कुकीज़—जरूरत पड़ने पर निकाल लीं, वरना वहीं छोड़ दीं।
क्यों खतरनाक है यह ट्रेंड?
कुकी जारिंग की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसे पहचानना आसान नहीं होता। करने वाला इंसान खुद भी नहीं मानता कि वह क्या कर रहा है, और सामने वाले को भी कुछ स्पष्ट नहीं बताता। इसका असर पीड़ित व्यक्ति पर गहराई से पड़ता है। उसे लगता है कि उसका इस्तेमाल हो रहा है, जिससे वह इमोशनल डिसबैलेंस और ट्रस्ट इश्यूज़ का शिकार हो जाता है।
कैसे पहचानें कि आप ‘जार’ हैं?
कुछ संकेत बताते हैं कि आपका पार्टनर आपके साथ कुकी जारिंग कर रहा हो सकता है:
रिश्ते पर खुलकर बात करने से बचना।
हर बार टालमटोल करना और साफ जवाब न देना।
खुद से कभी प्लान न बनाना।
आपके मैसेज को इग्नोर करना या जवाब देर से देना।
हमेशा रिश्ते को हल्के में लेना।
कब छोड़ना चाहिए ऐसा रिश्ता?
हर बार ऐसा नहीं होता कि जो पार्टनर कमिटमेंट में समय ले रहा है, वह कुकी जारिंग ही कर रहा हो। लेकिन अगर वह बार-बार बहाने बनाता है, आपको समय नहीं देता और रिश्ते को गंभीरता से नहीं लेता, तो ऐसे रिश्ते पर दोबारा सोचने की ज़रूरत है। अपनी मानसिक शांति और आत्मसम्मान को प्राथमिकता देना ही सही फैसला होगा।