रोजाना माउथवॉश करना है फायदेंमंद या नुकसानदायक,
जानें क्या है एक्सपर्ट्स की राय
1 months ago Written By: ANJALI
अक्सर लोग सोचते हैं कि क्या रोज़ाना माउथवॉश का इस्तेमाल करना ज़रूरी है। अगर आप दिन में दो बार सही तरीके से ब्रश करते हैं, फ्लॉस करते हैं और समय-समय पर डेंटिस्ट से चेकअप करवाते हैं, तो यह सबसे बेहतर ओरल हाइजीन मानी जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि फिर माउथवॉश की ज़रूरत क्यों पड़ती है और क्या इसे रोज़ाना इस्तेमाल किया जा सकता है।
माउथवॉश क्या है?
माउथवॉश एक तरह का लिक्विड होता है जिसे कुल्ला करने के लिए उपयोग किया जाता है। इसमें अलग-अलग इंग्रेडिएंट्स होते हैं, जैसे एंटी-बैक्टीरियल एजेंट्स, फ्लोराइड और फ्रेशनेस देने वाले ऑयल्स। इसका मुख्य उद्देश्य मुंह से बैक्टीरिया को कम करना, सांस की बदबू दूर करना और कभी-कभी दांतों को कैविटी से बचाना होता है।
माउथवॉश के फायदे
माउथवॉश का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह तुरंत फ्रेशनेस देता है और सांस की बदबू को कम करता है। एंटी-बैक्टीरियल माउथवॉश मुंह में बैक्टीरिया की ग्रोथ को कुछ समय के लिए रोक सकता है। वहीं, कुछ माउथवॉश मसूड़ों की सूजन और ब्लीडिंग को कम करने में भी मददगार होते हैं। अगर माउथवॉश फ्लोराइड वाला है, तो यह कैविटी से दांतों की सुरक्षा करने में सहायक हो सकता है।
रोज़ाना इस्तेमाल के नुकसान
हालांकि माउथवॉश का रोज़ाना इस्तेमाल हर किसी के लिए सही नहीं होता। कई माउथवॉश में अल्कोहल मौजूद होती है, जो मुंह को सूखा बना सकती है और लार को कम कर देती है। इससे बैक्टीरिया बढ़ने की संभावना ज्यादा हो जाती है। इसके अलावा, माउथवॉश अच्छे बैक्टीरिया को भी खत्म कर देता है, जिससे ओरल बैलेंस बिगड़ सकता है। माउथवॉश केवल आर्टिफिशियल फ्रेशनेस देता है, लेकिन अगर बदबू पेट या दांतों की बीमारी से आ रही हो, तो यह असली समस्या का हल नहीं है। लंबे समय तक इसका इस्तेमाल दांतों और मुंह में जलन, छाले और एलर्जी जैसी दिक्कतें भी पैदा कर सकता है।
डॉक्टर की राय
डेंटल एक्सपर्ट्स मानते हैं कि रोज़ाना अच्छे ओरल हाइजीन के लिए ब्रश और फ्लॉस करना सबसे ज़रूरी है। माउथवॉश केवल एक सपोर्टिव उपाय है, लेकिन इसकी ज़रूरत हर किसी को नहीं होती। अगर किसी व्यक्ति को मसूड़ों में बार-बार सूजन हो, लगातार बदबू बनी रहे या कैविटी की समस्या ज्यादा हो, तभी डॉक्टर माउथवॉश इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।
माउथवॉश कब और कैसे इस्तेमाल करें?अगर डॉक्टर माउथवॉश इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं, तो इसे सिर्फ बताए गए समय तक ही इस्तेमाल करना चाहिए। माउथवॉश से 20 से 30 सेकंड तक कुल्ला करें और इसे कभी भी निगलें नहीं। छोटे बच्चों को माउथवॉश नहीं देना चाहिए। इसके अलावा, अल्कोहल-फ्री माउथवॉश चुनना हमेशा बेहतर माना जाता है।