डेंगू में बकरी का दूध पीना पड़ सकता है भारी, प्लेटलेट्स बढ़ाने का दावा निकला झूठा,
रिसर्च ने किया खुलासा
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Dengue and Goat Milk: बरसात के मौसम में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ जाते हैं। इस दौरान लोग तरह-तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। इनमें से एक है डेंगू मरीजों को बकरी का दूध पिलाना। आम धारणा है कि बकरी का दूध प्लेटलेट्स को तेजी से बढ़ाता है और डेंगू से जल्दी राहत दिलाता है। लेकिन अब रिसर्च ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। वैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक बकरी के दूध और प्लेटलेट्स बढ़ने का कोई सीधा संबंध नहीं है, बल्कि कई बार इसका सेवन नुकसानदेह भी साबित हो सकता है।
प्लेटलेट्स बढ़ाने का दावा है गलत डेंगू में मरीजों का प्लेटलेट काउंट घट जाता है और इसी वजह से लोग मान लेते हैं कि बकरी का दूध इसका इलाज है। हालांकि शोध बताते हैं कि बकरी के दूध से प्लेटलेट्स नहीं बढ़ते। जब मरीज धीरे-धीरे डेंगू से ठीक होता है तो उसका प्लेटलेट काउंट अपने आप बढ़ने लगता है। यानी इसमें बकरी के दूध की कोई भूमिका नहीं होती।
कच्चा बकरी का दूध और खतरा TOI की एक रिपोर्ट बताती है कि डेंगू में कच्चा बकरी का दूध पीना गंभीर संक्रमण फैला सकता है। इसमें ब्रुसेला बैक्टीरिया पाए जा सकते हैं, जो ब्रुसेलोसिस नामक बीमारी का कारण बनते हैं। यह संक्रमण डेंगू के इलाज को और जटिल बना देता है। कई बार इसके लक्षण डेंगू जैसे ही होते हैं, जिससे सही पहचान और इलाज में भी देरी हो सकती है। एक अध्ययन में सामने आया कि कच्चा बकरी का दूध पीने से डेंगू मरीज में ब्रुसेलोसिस हुआ और उसकी स्थिति बिगड़ गई।
क्या है सही इलाज डॉक्टरों के अनुसार डेंगू के मरीजों को सबसे पहले शरीर को हाइड्रेटेड रखना चाहिए। इलेक्ट्रोलाइट वाला पानी, जूस और संतुलित आहार फायदेमंद होते हैं। प्लेटलेट्स घटने की स्थिति में डॉक्टर नियमित जांच और सही दवा की सलाह देते हैं। किसी भी घरेलू नुस्खे या बकरी का दूध पीने जैसे उपाय अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।