क्या सुबह खाली पेट अमरूद खाना सही है,
जानिए सही समय और इसके सेहतमंद फायदे
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजा अमरूदों की भरमार दिखने लगती है। अमरूद स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। कई लोग सुबह खाली पेट फल खाना पसंद करते हैं, लेकिन क्या अमरूद उन फलों में से एक है जिन्हें खाली पेट खाना सही होता है? यह सवाल अक्सर लोगों को उलझन में डाल देता है। अमरूद में मौजूद पोषक तत्व शरीर को कई फायदे पहुंचाते हैं, लेकिन गलत समय पर इसका सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है। आइए जानते हैं अमरूद खाने का सही समय, इसके फायदे और जरूरी सावधानियां।
अमरूद में पाए जाने वाले पोषक तत्व
अमरूद को सर्दियों का सुपरफूड कहा जाता है। इसमें सेब से भी ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं। 100 ग्राम अमरूद में विटामिन सी, विटामिन ए, विटामिन बी6, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन पाया जाता है। यह डाइटरी फाइबर से भरपूर होता है और इसमें पोटैशियम की मात्रा भी अच्छी होती है। इन पोषक तत्वों की वजह से अमरूद शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, त्वचा को ग्लो देने और पाचन को दुरुस्त रखने में मदद करता है।
क्या खाली पेट अमरूद खाना सही है?
अमरूद खाने का सबसे अच्छा समय नाश्ते के बाद और लंच से पहले माना जाता है। सुबह खाली पेट अमरूद खाने से कुछ लोगों को पेट दर्द या गैस की समस्या हो सकती है, क्योंकि इसके बीजों को पचने में ज्यादा समय लगता है। अगर आप सुबह कई तरह के फल खाते हैं, तो उनमें थोड़ी मात्रा में अमरूद शामिल कर सकते हैं। लेकिन जिन लोगों को सर्दी-जुकाम की समस्या रहती है, उन्हें सुबह खाली पेट अमरूद खाने से बचना चाहिए। अमरूद को रात में भी नहीं खाना चाहिए, क्योंकि ठंडे फल रात में लेने से जुकाम या खांसी बढ़ सकती है।
अमरूद खाने के फायदे
अमरूद वजन घटाने में मदद करता है, क्योंकि इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और अनहेल्दी खाने की इच्छा कम होती है। यह कब्ज की समस्या से राहत देता है और पेट साफ रखता है। पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में भी अमरूद अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा, यह पेट की जलन को कम करता है और शरीर में बढ़ी हुई गर्मी को शांत करता है। पित्त की समस्या वाले लोगों को भी अमरूद का सेवन लाभकारी होता है।