देश में कोरोना की रफ्तार तेज़: 20 दिन में 58 गुना बढ़े केस,
अब तक 55 पहुंचा मौतों का आंकड़ा
3 days ago
Written By: NEWS DESK
India COVID: देश में कोरोना वायरस का प्रकोप एक बार फिर तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 20 दिनों में कोविड-19 के एक्टिव केसों की संख्या 58 गुना बढ़ी है। जहां 16 मई को देशभर में सिर्फ 93 एक्टिव केस थे, वहीं अब इनकी संख्या 5,364 हो गई है। संक्रमण अब 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है।
सबसे ज्यादा मामले इन राज्यों में
बीते 24 घंटे में 500 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है।
- केरल: 1,679 केस
- गुजरात: 615 केस
- पश्चिम बंगाल: 596 केस
- दिल्ली: 592 केस
- महाराष्ट्र: 548 केस
अब तक 55 मौतें, 15 दिन में 53 लोगों की जान गई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोरोना के नए वैरिएंट्स के कारण जनवरी से अब तक कुल 55 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 53 की मौत केवल पिछले 15 दिनों में हुई हैं। गुरुवार को दिल्ली में दो और मौतें दर्ज की गईं, जिनमें एक पांच महीने का बच्चा भी शामिल है। इसके अलावा केरल में 2, कर्नाटक और पंजाब में 1-1, और महाराष्ट्र में सबसे अधिक 17 लोगों की जान गई है।
राज्यों में सतर्कता बढ़ी, स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल लागू
वहीं, ओडिशा में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल दोबारा खुल गए हैं लेकिन कोविड गाइडलाइन के साथ। शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने बताया कि जिन बच्चों को खांसी, सर्दी या बुखार जैसे लक्षण हैं, उनके लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। गंभीर लक्षण होने पर उन्हें घर पर आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है।
केंद्र सरकार ने की मॉक ड्रिल, तैयारियों की समीक्षा
वहीं गुरुवार को केंद्र सरकार के निर्देश पर देशभर के कई अस्पतालों में मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, जरूरी दवाएं और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच की गई। इससे पहले 2 जून को भी एक शुरुआती मॉक ड्रिल की गई थी।
राज्यवार अपडेट:
- केरल: सभी अस्पतालों को जून 2023 की कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी मरीजों और कर्मचारियों को मास्क पहनना अनिवार्य है और सर्दी-खांसी वाले मरीजों का कोविड टेस्ट अनिवार्य किया गया है।
- महाराष्ट्र: जनवरी से अब तक कुल 13,707 टेस्ट किए गए हैं, जिनमें 1,064 पॉजिटिव पाए गए। अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 16 पहले से अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।
- गुजरात: राज्य में 508 एक्टिव केस हैं। इनमें से केवल 18 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और बाकी 490 होम आइसोलेशन में हैं।
- कर्नाटक: गुलबर्गा मेडिकल साइंसेज संस्थान में 25 बेड का कोविड वार्ड तैयार किया गया है। इनमें 5 ICU, 5 HDU, 5 प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए और 10 सामान्य बेड हैं।
- उत्तराखंड: सरकार ने अस्पतालों में ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही कोविड, इन्फ्लुएंजा और सांस की बीमारियों की रिपोर्टिंग के निर्देश भी दिए हैं।
- सिक्किम: 29 मई से अब तक 526 टेस्ट किए गए, जिनमें से 15 पॉजिटिव मिले। सभी अस्पतालों में मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले के नाहन में 3 जून को पहला मामला सामने आने के बाद अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।