प्रेगनेंसी में आंवला: सेहत के लिए फायदेमंद लेकिन सीमित मात्रा में,
आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानिए Amla के फायदे और खाने का सही तरीका क्या है?
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने खान-पान का खास ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। इस दौरान सही पोषण मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होता है। प्रेगनेंसी डाइट में साबुत अनाज, ड्राई फ्रूट्स, सीड्स, हरी पत्तेदार सब्जियां और ताजे फल शामिल करने की सलाह दी जाती है। ऐसे ही फल आंवला भी है, जो आयुर्वेद और आधुनिक रिसर्च दोनों के अनुसार गर्भावस्था में फायदेमंद माना जाता है। आइए जानते हैं कि प्रेगनेंसी में आंवला कैसे खाएं और इसके क्या फायदे हैं।
प्रेगनेंसी में आंवला खाने के फायदे आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, प्रेगनेंसी में आंवला का सेवन सीमित मात्रा में करने से कई फायदे मिलते हैं। आंवला एनीमिया से राहत देता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। अंतरराष्ट्रीय शोधों के अनुसार, आंवला कब्ज से राहत देने, ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने, खून को डिटॉक्स करने, मॉर्निंग सिकनेस कम करने और गर्भावधि मधुमेह (Gestational Diabetes) से बचाव में मदद करता है। हालांकि, इसका ज्यादा सेवन कब्ज, दस्त, अपच और डिहाइड्रेशन का कारण बन सकता है।
आंवला का सेवन कैसे करें
ताजा खाएं: प्रेगनेंसी में ताजा आंवला खाने से शरीर का खून साफ होता है और टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं। जूस के रूप में: आंवला का जूस बनाकर पानी में मिलाकर पिया जा सकता है। इससे पाचन ठीक रहता है और इम्यूनिटी बढ़ती है। पाउडर के रूप में: आंवला पाउडर को पानी में मिलाकर सेवन किया जा सकता है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार मात्रा सीमित रखें। कैंडी के रूप में: शुगर फ्री आंवला कैंडी का इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि गर्भवती महिला को जेस्टेशनल डायबिटीज है तो शुगर वाली कैंडी से बचें।
सावधानियां प्रेगनेंसी में आंवला स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसे सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए। सेवन से पहले हमेशा डॉक्टर की सलाह लें। आंवला का सेवन सुबह खाली पेट करना सबसे बेहतर माना जाता है।