Virat Kohli Diet: किस खाने ने विराट कोहली को बनाया फिटनेस आइकॉन, नॉनवेज छोड़ा फिर भी ताकत बरकरार,
डाइट प्लान कर रहा सबको हैरान
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Virat Kohli Diet: भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके की। कोहली ने अपने करियर में कई रिकॉर्ड बनाए और भारत को कई मैच जिताए। लेकिन क्रिकेट के साथ-साथ वह अपनी फिटनेस और डाइट को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहे। विराट की डाइट और हेल्दी लाइफस्टाइल को लाखों लोग फॉलो करते हैं। इस खबर के साथ ही एक बार फिर उनके खास डाइट प्लान की चर्चा शुरू हो गई है।
फिटनेस के लिए भी मशहूर हैं विराट कोहली
विराट कोहली सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, अपनी फिटनेस के लिए भी जाने जाते हैं। वह नियमित व्यायाम करते हैं। साथ ही, वे हमेशा हेल्दी डाइट फॉलो करते हैं। उनका मानना है कि अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए फिट रहना बहुत जरूरी है।
2018 में बन गए थे शाकाहारी
कोहली ने 2018 में मांस खाना बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि उन्हें सर्वाइकल स्पाइन की समस्या हो गई थी। इसकी वजह से उनकी उंगली में झुनझुनी होती थी। इससे बल्लेबाजी में परेशानी होती थी। इसके अलावा, पेट में एसिडिटी बढ़ गई थी। यूरिक एसिड भी ज्यादा हो गया था। इस कारण हड्डियों से कैल्शियम खिंचने लगा था। तब उन्होंने शाकाहारी बनने का फैसला किया।
क्या खाते हैं विराट कोहली?
विराट सोशल मीडिया पर अपनी डाइट शेयर करते रहते हैं। एक बार उन्होंने बताया था कि वे बहुत सारी सब्जियां खाते हैं। दो कप कॉफी पीते हैं। क्विनोआ, पालक और डोसा खाना पसंद करते हैं। लेकिन सब कुछ सीमित मात्रा में खाते हैं।
क्या शाकाहारी डाइट से ताकत मिलती है
कई लोग सोचते हैं कि सिर्फ शाकाहारी खाना खाने से ताकत नहीं मिलती। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि यह सोच गलत है। पौधों से मिलने वाला खाना विटामिन सी से भरपूर होता है। इससे आयरन अच्छे से शरीर में जाता है। यह खून, ऑक्सीजन और शरीर की ऊर्जा को बनाए रखता है।
कोहली आज भी हैं फिटनेस आइकॉन
कोहली ने दिखा दिया कि शाकाहारी रहकर भी ताकतवर बना जा सकता है। उनका डाइट और फिटनेस आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। वे हमेशा खेल और स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहे हैं। उनके इस फैसले ने कई लोगों को हेल्दी लाइफ की ओर प्रेरित किया है।