विटामिन डी3: सेहत के लिए जरूरी,
जानें कमी के लक्षण और फायदे
7 days ago
Written By: Aniket Prajapati
स्वस्थ जीवन के लिए विटामिन डी बहुत जरूरी है। यह केवल एक विटामिन नहीं बल्कि पोषक तत्वों का परिवार है, जिसमें मुख्य रूप से विटामिन डी2 और डी3 शामिल हैं। ये दोनों मिलकर शरीर में विटामिन डी की कमी को पूरा करते हैं। हालांकि रिसर्च में यह पाया गया है कि विटामिन डी3, डी2 की तुलना में शरीर में विटामिन डी के स्तर को बढ़ाने में अधिक प्रभावी होता है विटामिन डी3 के स्रोत प्राकृतिक और जीव-जंतु आधारित होते हैं, जैसे धूप में समय बिताना, नॉनवेज, फैटी फिश, मछली का तेल और अंडे की जर्दी। वहीं विटामिन डी2 प्रायः पौधों, मशरूम, फोर्टिफाइड फूड और सप्लीमेंट्स में पाया जाता है। यही कारण है कि विटामिन डी3 की कमी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
विटामिन डी3 की कमी से स्वास्थ्य पर असर
विटामिन डी3 की कमी होने पर शरीर में कई लक्षण दिखाई देने लगते हैं। बार-बार बीमार पड़ना, इम्यूनिटी कमजोर होना, लगातार थकान और कमजोरी, दिनभर शरीर में टूटन महसूस होना इसके प्रमुख संकेत हैं। इसके अलावा नींद में कमी, ऊर्जा की कमी और मसल्स में दर्द भी हो सकता है। विटामिन डी की कमी से शरीर में कैल्शियम की कमी होने लगती है, जिससे हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और जोड़ो, पीठ और मांसपेशियों में दर्द महसूस होता है।
विटामिन डी3 के फायदे
विटामिन डी3 शरीर के लिए कई तरह से लाभकारी है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है और शरीर को संक्रमण से बचाता है। विटामिन डी3 हड्डियों को मजबूत करता है क्योंकि यह खून से कैल्शियम सोखने में मदद करता है, जिससे ऑस्टियोपोरोसिस और फ्रैक्चर का खतरा कम होता है। मांसपेशियों के स्वास्थ्य और कार्य क्षमता के लिए भी विटामिन डी3 महत्वपूर्ण है। यह मसल्स फंक्शन को बेहतर बनाता है और जोड़ो व पीठ के दर्द को कम करता है। इसके अलावा विटामिन डी3 हृदय रोग और हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है। रिसर्च में यह भी पाया गया है कि शरीर में पर्याप्त विटामिन डी3 होने से कोलोन कैंसर का खतरा काफी कम हो जाता है।
विटामिन डी3 कहां से लें?
धूप विटामिन डी3 का सबसे अच्छा स्रोत है। रोजाना 10-15 मिनट धूप में रहना इस विटामिन की कमी को पूरा कर सकता है। इसके अलावा फैटी फिश जैसे सैल्मन, सार्डिन, ट्राउट, हेरिंग और मैकेरल विटामिन डी3 के बेहतरीन स्रोत हैं। इसके अलावा लाल मांस, कॉड लिवर और अंडे की जर्दी में भी विटामिन डी3 पाया जाता है। इन आहारों को शामिल कर आप अपनी हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बना सकते हैं और शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं।