धनतेरस पर चंद्रमा बदलेंगे राशि, इन तीन राशियों की चमकेगी किस्मत,
धनवर्षा और खुशियों की होगी बरसात
6 days ago Written By: Aniket Prajapati
धनतेरस के दिन इस साल एक खास ज्योतिषीय संयोग बन रहा है। 18 अक्टूबर की रात चंद्रमा सिंह राशि से निकलकर कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। यह गोचर रात 10 बजकर 12 मिनट पर होगा और 21 अक्टूबर की सुबह तक चंद्रमा कन्या राशि में ही विराजमान रहेंगे। माना जा रहा है कि चंद्रमा का यह परिवर्तन दिवाली तक कुछ राशियों के लिए बेहद शुभ संकेत लेकर आएगा। इन जातकों को न सिर्फ आर्थिक लाभ मिलेगा बल्कि घर-परिवार में भी सुख-शांति और प्रसन्नता का माहौल रहेगा।
मिथुन राशि — परिवार में बढ़ेगा सुख, मिलेगी खुशखबरी मिथुन राशि के जातकों के लिए चंद्रमा का गोचर बेहद मंगलकारी साबित होगा। आपकी राशि से चतुर्थ भाव में चंद्रमा का प्रवेश पारिवारिक जीवन में खुशियां लेकर आएगा। घर के लोगों के साथ संबंध बेहतर होंगे और किसी लंबे समय से रुके कार्य पूरे हो सकते हैं। माता के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा। इस समय के दौरान भूमि या वाहन से जुड़ी कोई बड़ी डील आपके लिए शुभ साबित हो सकती है। धार्मिक कार्यों में हिस्सा लेने से मन को शांति और आत्मसंतोष प्राप्त होगा।
सिंह राशि — धन लाभ के प्रबल योग, व्यापार में बढ़ेगा मुनाफा सिंह राशि के लिए यह गोचर धन भाव में हो रहा है, इसलिए आर्थिक दृष्टि से यह बेहद लाभकारी रहेगा। इस अवधि में आपको अचानक धन लाभ हो सकता है और रुका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है। व्यापारी वर्ग के लिए यह समय अत्यंत शुभ रहेगा, क्योंकि कारोबार में वृद्धि और मुनाफे के अवसर मिलेंगे। परिवार के साथ सुखद समय बिताने का मौका मिलेगा और स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा। किसी शुभ कार्य या मांगलिक आयोजन की सूचना से घर में हर्ष का माहौल रहेगा।
वृश्चिक राशि — लाभ भाव में चंद्रमा से मिलेगी सफलता और सम्मान वृश्चिक राशि वालों के लिए यह धनतेरस बहुत खास रहने वाली है। चंद्रमा का गोचर आपके लाभ भाव में हो रहा है, जो नई उपलब्धियां और लाभ लेकर आएगा। इस समय आपकी मेहनत रंग लाएगी और कार्यस्थल पर आपके प्रयासों की सराहना होगी। प्रेम में पड़े जातकों के लिए भी यह अवधि अनुकूल रहेगी, परिवार की सहमति से संबंध को नया रूप देने के योग बन सकते हैं। जो लोग विदेश से जुड़े कारोबार में हैं या विदेशी कंपनियों में कार्यरत हैं, उन्हें अप्रत्याशित धन लाभ हो सकता है। समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी और दिवाली का यह पर्व आपके लिए सौभाग्य लेकर आएगा।