कार्तिक पूर्णिमा पर मिट्टी से बनी चीजें घर लाना होता है बेहद शुभ,
जानें कौन-कौन सी वस्तुएं लाएं
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व माना गया है। इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा 5 नवंबर 2025, बुधवार को पड़ रही है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने, पवित्र नदियों में स्नान करने और दीपदान करने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी दिन देव दीपावली का पर्व भी मनाया जाता है। शास्त्रों के अनुसार, इस दिन कुछ खास मिट्टी से बनी वस्तुओं को घर लाना बेहद शुभ और लाभदायक माना गया है। इन वस्तुओं को घर लाने से सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है। आइए जानते हैं कौन सी मिट्टी की चीजें इस दिन घर में लानी चाहिए।
मिट्टी का हाथी लाने से होता है आर्थिक लाभ
कार्तिक पूर्णिमा के दिन मिट्टी का हाथी घर लाना बहुत शुभ होता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार हाथी बुद्धि, बल और सुख-शांति का प्रतीक है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन मिट्टी का हाथी लाने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और धन का भंडार भरने लगता है। यह वस्तु घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है और लक्ष्मी कृपा बनाए रखती है।
मिट्टी की सुराही बढ़ाती है प्रेम और दूर करती है नकारात्मकता
कार्तिक पूर्णिमा पर मिट्टी की सुराही खरीदना भी शुभ फलदायक माना गया है। अगर आप मिट्टी की सुराही में पानी भरकर इसे घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में रखते हैं, तो इससे घर के सदस्यों के बीच प्रेम और सौहार्द बढ़ता है। साथ ही, यह घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती है और धन का आगमन सुनिश्चित करती है।
मिट्टी के दीपक जलाने से दूर होता है दुर्भाग्य
इस दिन मिट्टी के दीपक खरीदना और घर में लाना भी बहुत ही शुभ माना गया है। कार्तिक पूर्णिमा पर मिट्टी के दीपक जलाने से दुर्भाग्य दूर होता है और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इन दीपकों को आप शाम के समय तुलसी के पास, मुख्य द्वार, रसोई और पूजा स्थल में जला सकते हैं। इससे घर में अन्न-धन की बरकत बनी रहती है।
मिट्टी का घड़ा और मूर्तियां भी लाएं घर
मिट्टी का घड़ा कार्तिक पूर्णिमा के दिन घर लाना भी अत्यंत शुभ होता है। इसे घर के उत्तर-पूर्व दिशा में रखने से आरोग्य की प्राप्ति होती है और जीवन की परेशानियां कम होती हैं। इसके अलावा देवी-देवताओं की मिट्टी से बनी मूर्तियां भी इस दिन घर लानी चाहिए। इन्हें पूजा स्थल में रखने से ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।