Kaisa Hota Hai Swarg: 1 घंटे तक रही मृत, देख आई स्वर्ग, लौटते ही सुनाई परलोक की कहानी,
वैज्ञानिक भी रह गए दंग
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Kaisa Hota Hai Swarg: 1991 में अमेरिका की एक गायिका और गीतकार पाम रेनॉल्ड्स की जिंदगी में ऐसा वाकया हुआ, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया। पाम की ब्रेन सर्जरी के दौरान उनका दिल और मस्तिष्क पूरी तरह बंद हो गया था। लगभग एक घंटे तक वे क्लिनिकली मृत रहीं, यानी न धड़कन थी, न सांस और न ही दिमाग की कोई गतिविधि। लेकिन जब वे फिर से होश में आईं, तो उन्होंने जो कुछ बताया, उसने डॉक्टरों से लेकर वैज्ञानिकों तक को सोचने पर मजबूर कर दिया।
जटिल सर्जरी के दौरान हुई मौत जैसी स्थिति
पाम रेनॉल्ड्स को ब्रेन में एक बड़ा धमनीविस्फार (एन्यूरिज्म) था, जिसे हटाने के लिए डॉक्टरों को बेहद जोखिम भरी सर्जरी करनी पड़ी। ऑपरेशन के दौरान उनका शरीर ठंडा कर 10 डिग्री सेल्सियस तक लाया गया। खून निकाला गया और दिल को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। इस तकनीक को हाइपोथर्मिक कार्डियक अरेस्ट कहा जाता है, जिसमें व्यक्ति पूरी तरह क्लिनिकली मृत होता है।
ऑपरेशन थिएटर की बातें सुनी खुद को ऊपर से देखा
होश में आने के बाद पाम ने दावा किया कि वे पूरे समय सब कुछ सुन रही थीं। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों की बातचीत और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए औजारों का जिक्र किया, जो पूरी तरह सटीक निकला। पाम का कहना था कि वे अपने शरीर से बाहर थीं और ऊपर हवा में तैरते हुए पूरी सर्जरी को देख रही थीं। पाम ने आगे कहा कि इस दौरान उन्हें एक तेज रौशनी दिखाई दी, जो उन्हें अपनी ओर खींच रही थी। उस रौशनी की ओर बढ़ते हुए उन्होंने अपने मृत रिश्तेदारों को देखा, जो उन्हें बुला रहे थे। लेकिन तभी एक रहस्यमयी छाया ने उन्हें वापस लौटने को कहा और पाम दोबारा अपने शरीर में लौट आईं।
डॉक्टर भी रह गए हैरान
सर्जरी करने वाले प्रमुख न्यूरोसर्जन डॉ. माइकल सैबम ने जब पाम के अनुभव की जांच की, तो पाया कि उन्होंने जो कुछ बताया, वह सटीक था, जबकि मेडिकल उपकरणों से यह पुष्टि हो चुकी थी कि उस समय उनके मस्तिष्क में कोई हलचल नहीं थी। यह मामला दुनिया के सबसे चर्चित नियर-डेथ एक्सपीरियंस में शामिल हो गया है। कुछ वैज्ञानिक इसे मस्तिष्क में आक्सीजन की कमी या दवाओं का असर मानते हैं, लेकिन कई लोग इसे आत्मा और परलोक की मौजूदगी का सबूत बताते हैं। पाम का अनुभव आज भी रहस्य बना हुआ है।