दीपावली 2025: माता लक्ष्मी के आगमन से पहले दिखते हैं ये 5 शुभ संकेत,
जरूर पहचानें देवी की कृपा का इशारा
7 days ago Written By: Aniket Prajapati
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष कार्तिक माह की अमावस्या को दीपों का महापर्व दीपावली बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष दीपावली 20 अक्टूबर 2025, सोमवार को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस पावन रात्रि में माता लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और अपने भक्तों को धन, समृद्धि और सुख का आशीर्वाद देती हैं। ऐसा माना जाता है कि जिस घर में स्वच्छता और पवित्रता होती है, वहीं माता लक्ष्मी का आगमन होता है। इसलिए दीपावली से पहले घर की सफाई और सजावट का विशेष महत्व है। इस दिन घर की चौखट पर दीपक जलाकर देवी लक्ष्मी का स्वागत करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है ।महंत शशिकांत दास (राम कचहरी चारों धाम मंदिर) बताते हैं कि दीपावली की रात भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा करने का विशेष विधान है। साथ ही, ज्योतिष शास्त्रों के अनुसार, माता लक्ष्मी के आगमन से पहले कुछ शुभ संकेत व्यक्ति के जीवन में दिखाई देने लगते हैं, जो यह दर्शाते हैं कि देवी कृपा आप पर होने वाली है। आइए जानते हैं वे संकेत,
1. उल्लू का दर्शन यदि दीपावली की रात या उससे पहले घर के आसपास उल्लू दिखाई दे, तो इसे अत्यंत शुभ माना जाता है। उल्लू माता लक्ष्मी का वाहन है और इसका दर्शन इस बात का संकेत है कि देवी लक्ष्मी आपके घर आने वाली हैं।
2. धन या नौकरी में अचानक वृद्धि अगर दीपावली से पहले अचानक बैंक बैलेंस में वृद्धि, व्यापार में लाभ या नौकरी में पदोन्नति होती है, तो यह भी लक्ष्मी कृपा का संकेत है। इसका अर्थ है कि देवी आपकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं।
3. कर्ज से मुक्ति या खर्चों में कमी यदि हाल के दिनों में आप अचानक कर्ज से मुक्त हो गए हैं या आपके अनावश्यक खर्चों में कमी आई है, तो समझिए कि माता लक्ष्मी आपके घर वास करने लगी हैं। यह संकेत आपकी आर्थिक स्थिरता की दिशा में शुभ परिवर्तन का प्रतीक है।
4. घर में सुगंध का अनुभव अगर घर के आसपास अचानक दिव्य खुशबू या सुगंध महसूस होती है, तो यह भी एक पवित्र संकेत है। माना जाता है कि ऐसी सुगंध के माध्यम से माता लक्ष्मी और भगवान गणेश अपनी उपस्थिति का आभास कराते हैं।
5. गौ माता का आगमन दीपावली की सुबह यदि गाय आपके घर के दरवाजे पर आती है, तो यह अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसा होना दर्शाता है कि देवी-देवता आपसे प्रसन्न हैं और आपके घर में खुशियों और समृद्धि का आगमन होने वाला है। इस समय गाय को रोटी खिलाना बहुत पुण्यदायी माना जाता है।
कनक धारा और श्रीसूक्त पाठ का महत्व ज्योतिष के अनुसार, जिस घर में नियमित रूप से कनक धारा स्तोत्र या श्रीसूक्त का पाठ होता है, वहां माता लक्ष्मी का स्थायी वास होता है। ऐसे घर में कभी दरिद्रता नहीं आती और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।