उत्पन्ना एकादशी: विष्णु-लक्ष्मी की कृपा पाने का सबसे शुभ दिन,
जानिए 11 प्रभावी उपाय
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की एकादशी को उत्पन्ना एकादशी कहा जाता है और मान्यता है कि सालभर तक एकादशी व्रत करने वालों को इसकी शुरुआत इसी एकादशी से करनी चाहिए। पौराणिक कथा के अनुसार, जब मुर नामक राक्षस ने भगवान विष्णु पर आक्रमण किया, तब उनके शरीर से एक दिव्य देवी प्रकट हुईं और मुर का वध कर दिया। भगवान विष्णु ने प्रसन्न होकर देवी को आशीर्वाद दिया कि इस तिथि पर जन्म लेने के कारण उनका नाम ‘एकादशी’ होगा और भविष्य में हर एकादशी पर उनकी पूजा भी विष्णु के साथ ही होगी। इसी दिन एकादशी की उत्पत्ति मानी जाती है, इसलिए यह तिथि विशेष रूप से शुभ मानी जाती है, कहा जाता है कि उत्पन्ना एकादशी पर कुछ खास उपाय करने से विष्णु-लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का रास्ता खुल जाता है।
1. सेहत के लिए शुभ स्नान उपाय
यदि आप स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से दूर रहना चाहते हैं, तो इस दिन तुलसी की जड़ की थोड़ी सी मिट्टी को पानी में मिलाकर स्नान करें। इसके बाद साफ पानी से स्नान करके ताजा वस्त्र पहनें और विष्णु भगवान की पूजा करें। माना जाता है कि यह उपाय रोगों से बचाव करता है।
2. व्यापार में तेजी के लिए गुंजाफल उपाय
व्यापार में तरक्की और निरंतर वृद्धि के लिए इस दिन भगवान विष्णु के सामने पांच गुंजाफल चढ़ाएं। पूजा पूरी होने के बाद इन गुंजाफलों को तिजोरी या गल्ले में रखें। यह उपाय धन बढ़ाने और व्यापार में बाधाओं को दूर करने वाला माना जाता है।
3. बिजनेस लॉस से राहत के लिए रुद्राक्ष उपाय
यदि आप व्यापार हानि या जीवन की नकारात्मक ऊर्जा से परेशान हैं, तो विष्णु पूजा के दौरान दस मुखी रुद्राक्ष की पूजा करें और फिर उसे धारण करें। इससे न सिर्फ मानसिक शांति मिलती है बल्कि नकारात्मकता भी दूर होती है।
4. रिश्तों में तालमेल के लिए ब्राह्मण आशीर्वाद
घर-परिवार और समाज में अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए इस दिन विष्णु पूजा के बाद किसी ब्राह्मण का आशीर्वाद लें। उन्हें दक्षिणा या वस्त्र भेंट करें। यह उपाय पारिवारिक सौहार्द को बढ़ाता है।
5. घर की शांति के लिए दक्षिणावर्ती शंख स्थापना
घरेलू सुख-शांति के लिए इस दिन मंदिर में दक्षिणावर्ती शंख स्थापित करें और उसकी नियमपूर्वक पूजा करें। यह शंख सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करता है और घर में सुख-समृद्धि बढ़ाता है।
6. सैलेरी बढ़ाने के लिए विशेष मंत्र जाप
वेतन वृद्धि या करियर उन्नति के इच्छुक लोग सुबह स्नान के बाद भगवान विष्णु को धूप-दीप अर्पित करें और ‘ॐ गोविंदाय नमः’ मंत्र का 108 बार जप करें। यह मंत्र जीवन में स्थिरता और प्रगति का मार्ग खोलता है।
7. सकारात्मक ऊर्जा के लिए केसर दूध का भोग
यदि आप जीवन में सकारात्मकता और सफलता चाहते हैं, तो भगवान विष्णु को केसर मिला दूध का भोग लगाएं और तुलसी की माला धारण करें। यह उपाय मनोबल और आत्मविश्वास को बढ़ाता है।
8. कार्य सिद्धि के लिए दान और आशीर्वाद
किसी महत्वपूर्ण काम में सफलता पाने के लिए इस दिन घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लें और किसी जरूरतमंद को भोजन कराएं। यह उपाय कार्य सिद्धि में बेहद प्रभावी माना जाता है।
9. वैवाहिक सुख के लिए तुलसी-विष्णु पूजा
विवाहिक जीवन मजबूत बनाने के लिए सुबह स्नान कर साफ वस्त्र पहनें और विष्णु-तुलसी की पंचोपचार विधि से पूजा करें। भगवान को केसर मिश्रित मिठाई का भोग लगाएं।
10. ज्ञान वृद्धि के लिए चावल दान
शिक्षा, ज्ञान और बुद्धि में वृद्धि के लिए इस दिन मंदिर में चावल का दान करें। ध्यान रहे—एकादशी के दिन चावल का सेवन नहीं करना चाहिए और न ही पूजा में इसका उपयोग होता है।
11. नजर दोष से बचाव के लिए गोमती चक्र उपाय
यदि आप परिवार को नजर दोष से बचाना चाहते हैं, तो परिजनों की संख्या के बराबर गोमती चक्र लें और प्रत्येक सदस्य का नाम लेते हुए उनकी अलग-अलग पूजा करें। अंत में इन्हें पीले कपड़े में बांधकर मंदिर में रख दें।
12. जीवन में रोशनी बढ़ाने के लिए दीपक उपाय
शाम के समय भगवान विष्णु के मंदिर में घी का दीपक जलाएं और दोनों हाथों से उस दीये की गर्माहट आंखों पर व कानों के पीछे लगाएं। यह उपाय जीवन में चमक और सकारात्मकता को बढ़ाता है।