बॉक्स ऑफिस पर पिटी सलमान खान की सिकंदर,
दूसरी फिल्मों से बदले गए शोज
23 days ago
Written By: Entertainment Desk
सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर' को लेकर लोगों को जो उम्मीदें थीं वो बॉक्स ऑफिस पर धरी की धरी रह गईं। ईद के दिन रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का वो प्यार नहीं मिला जैसा सलमान की दूसरी फिल्मों को ईद के मौके पर मिल चुका है। फिल्म के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया भी सही नहीं है। दूसरे दिन भले ही फिल्म की कमाई में थोड़ी बढ़त दिखी, लेकिन तीसरे दिन का रुझान बता रहा है कि छुट्टियां खत्म होते ही फिल्म का कलेक्शन और नीचे ही जाएगा। इस वजह से सिनेमाघरों ने 'सिकंदर' के शो कम करने शुरू कर दिए हैं और उसकी जगह पुरानी हिट फिल्मों को फिर से लाया जा रहा है।
शोज में नहीं पहुंच रहे दर्शक
कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि कई जगहों पर 'सिकंदर' के शो में दर्शक नहीं पहुंच रहे, जिसके चलते उन्हें रद्द करना पड़ा। हालांकि, ट्रेड सूत्रों के हवाले से बॉलीवुड हंगामा ने अपनी खबर में बताया है कि मुंबई में कोई शो रद्द होने की खबर नहीं मिली है। पहले दो दिन कुछ शो में दर्शक बहुत कम रहे, लेकिन शो रद्द नहीं हुए।
सिकंदर की जगह चल रही गुजराती फिल्में
14 मार्च को रिलीज हुई ऑल द बेस्ट पांड्या, गुजरात और मुंबई में अब तक अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। मुंबई के इनॉक्स रघुलीला कांदिवली में 1 अप्रैल से 'सिकंदर' के 9:30 बजे के शो हटाकर इस गुजराती फिल्म को जगह दी गई। वहीं, 2 अप्रैल से 5:30 बजे का शो भी हटाकर 'उम्बारो' को लगाया गया जो अपनी नौवीं हफ्ते में भी दर्शक खींच रही है।
मुंबई में सिकंदर का जादू बरकरार
इन सबके बीच मुंबई के मशहूर गेयटी-गैलेक्सी मल्टीप्लेक्स में 'सिकंदर' खूब चल रही है। 30 मार्च से 'सिकंदर' यहां के दो बड़े हॉल्स गेयटी और गैलेक्सी में चल रही है। 31 मार्च से गॉसिप हॉल में भी इसके शो शुरू हुए। पहले यहां 'एल2: एम्पुरान' का हिंदी संस्करण गॉसिप और जेमिनी में चल रहा था, लेकिन अब इसे सिर्फ जेमिनी में चलाया जा रहा है। ईद के दिन यहां 'सिकंदर' के शो हाउसफुल रहे।