महिला कलाकारों के लिए नई पहल: एआर रहमान ने लॉन्च किया,
'रूह-ए-नूर' बैंड
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
संगीत की दुनिया के दिग्गज एआर रहमान ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए महिलाओं का एक विशेष बैंड 'रूह-ए-नूर' लॉन्च किया है। यह बैंड रहमान की बेटी खतीजा रहमान के नेतृत्व में बनाया गया है। ‘रूह-ए-नूर’ को रहमान के केएम म्यूजिक ऑडियो लेबल के तहत पेश किया गया है। छह महिला संगीतकारों से बना यह बैंड महिलाओं की आवाज की शक्ति, प्रेरणा और सशक्तिकरण का प्रतीक बताया जा रहा है। बैंड की परियोजना प्रमुख कनिका उर्स हैं।
कौन-कौन हैं बैंड में शामिल
‘रूह-ए-नूर’ में पूजा तिवारी, सना अजीज, शाओनी, खतीजा रहमान, अमीना रफीक और शिफ रूबी जैसी प्रतिभाशाली संगीतकार शामिल हैं। बैंड की प्रोडक्शन टीम में गायन प्रशिक्षक पूजा तिवारी और शाओनी, साथ ही अमीना रफीक और शिफा रूबी शामिल हैं। वहीं, सना अजीज, सार्थक कल्याणी और नकुल अभ्यंकर संगीत पर्यवेक्षण और संगीत निर्माण का नेतृत्व कर रहे हैं। इस समूह का नाम ‘रूह-ए-नूर’ महिलाओं की आवाज की रचनात्मक और परिवर्तनकारी शक्ति का प्रतीक है, जो आत्मा को रोशन और प्रेरित करती है।
क्या बोले एआर रहमान
एआर रहमान ने इस मौके पर कहा, “रूह-ए-नूर सिर्फ़ एक बैंड नहीं, बल्कि एक रोशनी है जो दिलों को जोड़ती है। इनमें से हर महिला में आधुनिक कलात्मकता का आत्मविश्वास है। उनकी सामूहिक आवाज शुद्ध, शक्तिशाली और भविष्योन्मुखी है।” उन्होंने बताया कि यह बैंड 21 नवंबर को शारजाह में होने वाले तनवीर महोत्सव में अपना पहला लाइव प्रदर्शन करेगा। रहमान ने कहा कि ‘रूह-ए-नूर’ का उद्देश्य महिलाओं की नई पीढ़ी को संगीत के माध्यम से सशक्त बनाना और एकता व प्रेम का संदेश देना है।
रहमान की बेटी खतीजा की नई शुरुआत
खतीजा रहमान इस बैंड की अगुवाई कर रही हैं और संगीत निर्देशन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। दुनिया भर में मशहूर एआर रहमान अब तक दर्जनों सुपरहिट गाने और ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुके हैं। अब उनकी बेटी भी अपने पिता के नक्शे-कदम पर चलते हुए संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना रही हैं। शारजाह में होने वाला यह कार्यक्रम खतीजा रहमान के करियर की बड़ी शुरुआत मानी जा रही है। अब देखना होगा कि ‘रूह-ए-नूर’ अपने अनोखे संगीत और संदेश से दर्शकों का दिल कितना जीत पाता है।