गोविंदा की तबीयत बिगड़ी,
देर रात अस्पताल में भर्ती — डॉक्टर्स की निगरानी में जारी है इलाज
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता गोविंदा की तबीयत मंगलवार रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि गोविंदा को रात करीब 8.30 बजे अचानक चक्कर आया और वे बेहोश हो गए। डॉक्टर से कंसल्टेशन के बाद उन्हें दवाइयां दी गईं, जिससे थोड़ी राहत मिली। लेकिन रात करीब 12.30 बजे उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और रात 1 बजे उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में हुए कई टेस्ट क्रिटिकेयर अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने गोविंदा के कई मेडिकल टेस्ट किए। शुरुआती जांच में बताया गया कि अब उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी पूरी निगरानी में है। फिलहाल उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और जल्द ही उनका हेल्थ अपडेट जारी किया जाएगा।
हाल ही में धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे थे गोविंदा कुछ दिन पहले ही गोविंदा वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल गए थे। धर्मेंद्र की तबीयत खराब होने के चलते गोविंदा उनसे मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे काफी भावुक नजर आए। अब जब खुद गोविंदा अस्पताल में भर्ती हुए हैं, तो उनके फैंस काफी चिंतित हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है हादसे की वजह से अस्पताल में भर्ती यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। एक साल पहले भी वे एक गंभीर हादसे का शिकार हो चुके हैं। उस समय गोविंदा को उनकी ही लाइसेंसी पिस्टल से गोली लग गई थी। वह अपने मुंबई स्थित घर में रिवॉल्वर रख रहे थे, तभी गलती से वह हाथ से फिसल गई और गोली उनके बाएं घुटने में जा लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां सर्जरी कर गोली निकाली गई। इस घटना के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ भी की थी। उस समय कई बॉलीवुड स्टार्स गोविंदा से मिलने अस्पताल पहुंचे थे और उनकी सेहत की जानकारी ली थी। फिलहाल गोविंदा की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है। परिवार ने फैंस से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।