दिल्ली धमाके से दहल उठा देश,
रवीना टंडन से लेकर थलपति विजय तक सेलेब्स ने जताया दुख
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
सोमवार को दिल्ली के लाल किले के पास एक कार में हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आतंकी साजिश की आशंका से इंकार नहीं किया है और मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। इस घटना ने न केवल आम लोगों बल्कि फिल्मी सितारों को भी गहराई से झकझोर दिया है। रवीना टंडन, थलपति विजय, रिद्धिमा कपूर साहनी और विनीत कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर अपना दुख और गुस्सा जताया है।
रवीना टंडन ने जताई चिंता
अभिनेत्री रवीना टंडन ने दिल्ली धमाके पर चिंता और गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “वे फिर से वापस आ गए हैं।” रवीना ने X (ट्विटर) पर भी पोस्ट करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। उन्होंने लिखा, “दिल्ली विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति संवेदना। बहुत ही भयानक खबर है।” उनके इस बयान से यह संकेत मिलता है कि वह घटना को आतंकी साजिश मानती हैं।
थलपति विजय ने शोक व्यक्त किया
साउथ के सुपरस्टार और नेता थलपति विजय ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने X पर लिखा, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम विस्फोट की खबर से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। कई लोगों की जान चली गई है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
रिद्धिमा कपूर साहनी का भावुक संदेश
अभिनेता रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “मेरी प्रार्थनाएं उन लोगों के लिए हैं जिन्होंने अपनी जान गँवाई है, उनके परिवारों और घायलों के लिए भी। लाल किला विस्फोट से बहुत दुखी हूँ। भगवान दोषियों को ढूंढे और उन्हें कड़ी सजा दे। प्रेयर्स एंड मोर प्रेयर्स।”
विनीत कुमार सिंह ने कहा – दिल दहल गया
‘छावा’ फेम अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “दिल्ली में हुए दिल दहला देने वाले हादसे से हैरान और बहुत दुखी हूं। मृतकों और पीड़ित परिवारों के लिए दुआएं।”
जांच जारी
इस बीच पुलिस और जांच एजेंसियां घटनास्थल की गहन जांच कर रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने कार के टुकड़ों और आसपास मिले सबूतों को कब्जे में ले लिया है। राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।