धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार, अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे;
अब घर पर चलेगा इलाज
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज करा रहे 89 वर्षीय धर्मेंद्र को आखिरकार अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी तबीयत में पहले से काफी सुधार है, जिसके बाद उन्हें परिवार की देखरेख में घर भेज दिया गया। अब उनका इलाज उनके बंगले पर ही जारी रहेगा।
अब घर पर जारी रहेगा इलाज
ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि धर्मेंद्र को छुट्टी दे दी गई है। बताया गया कि परिवार चाहता था कि अभिनेता का इलाज अब घर पर ही जारी रखा जाए। उन्हें एंबुलेंस से सुरक्षित तरीके से उनके बंगले पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एंबुलेंस में धर्मेंद्र को उनके घर ले जाया जा रहा है। इस खबर से अभिनेता के फैंस में खुशी की लहर है और सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
हेमा मालिनी और ईशा देओल ने दी थी जानकारी
धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर लगातार खबरें चल रही थीं। इस बीच उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने 11 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि धर्मेंद्र अब पहले से बेहतर हैं। ईशा ने अपने पोस्ट में लिखा था, “मीडिया में कई तरह की अफवाहें चल रही हैं। पापा की तबीयत स्थिर है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं। सभी से अनुरोध है कि परिवार की निजता का सम्मान करें।”
12 दिनों से बीमार हैं धर्मेंद्र
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र की तबीयत 1 नवंबर को अचानक बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 10 नवंबर को हालत थोड़ी गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। इसके बाद उनके परिवार के सभी सदस्य अस्पताल पहुंच गए थे। कई बॉलीवुड स्टार्स जैसे शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान भी उनका हाल जानने पहुंचे थे। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाहें फैल गईं, जिसके बाद हेमा मालिनी और ईशा देओल ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि धर्मेंद्र बिल्कुल जिंदा हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। अभिनेता के फैंस अब उनकी पूरी तरह से ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे प्यारे और सम्मानित कलाकारों में से एक हैं और उनके स्वस्थ होने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में भी राहत की लहर है।