धर्मेंद्र नहीं रहे: 89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस,
अमिताभ बच्चन ने भावुक होकर कही दिल छू लेने वाली बात
1 months ago Written By: Aniket prajapati
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और करोड़ों दिलों के हीरो धर्मेंद्र का सोमवार, 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे धर्मेंद्र इस महीने की शुरुआत में तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन 24 नवंबर को उनकी तबीयत अचानक फिर खराब हो गई और दोपहर के समय उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पूरे देश, फिल्म जगत और उनके चाहने वालों में गहरा शोक है। बॉलीवुड से जुड़े कई दिग्गज उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अमिताभ बच्चन भी उन्हें विदाई देने पहुंचे और रात में भावुक पोस्ट लिखकर अपना दुख जाहिर किया।
अमिताभ बच्चन हुए भावुक, ‘जय–वीरू’ की जोड़ी टूटी धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन की जोड़ी ने 1975 में आई फिल्म शोले के जरिए इतिहास रचा था। इसी साल फिल्म के 50 साल पूरे हुए थे। धर्मेंद्र के निधन ने इन दोनों सितारों की यादों को एक बार फिर जगा दिया। अंतिम संस्कार के बाद अमिताभ बच्चन देर रात 2:30 बजे अपने सोशल मीडिया पर पहुंचे और एक भावुक पोस्ट लिखकर बताया कि धर्मेंद्र के जाने से फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ है, जो कभी नहीं भरेगा। अमिताभ ने लिखा— "एक और बहादुर दिग्गज हमें छोड़कर चला गया है… एक असहनीय खामोशी छोड़ गए धरम जी। उनकी मुस्कान, उनका आकर्षण और उनकी गर्मजोशी अब सिर्फ यादों में है। हमारे चारों ओर की हवा खाली है, एक शून्य जो हमेशा खाली रहेगा।"
धर्मेंद्र की यादों में डूबा फिल्म जगत धर्मेंद्र के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म उद्योग में मातम छा गया। देओल परिवार के साथ कई बड़े सितारे श्मशान घाट पहुंचकर उन्हें आखिरी विदाई देने आए। उनके चाहने वालों की बड़ी संख्या भी अंतिम संस्कार में मौजूद रही। सोशल मीडिया पर लगातार श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ आ गई। सनी देओल, बॉबी देओल और परिवार के अन्य सदस्य भारी दुख में नजर आए। धर्मेंद्र की सादगी, गर्म स्वभाव और लोगों से दिल से जुड़ने की शैली हमेशा सभी के दिल में जिंदा रहेगी।