"सिर शर्म से झुक गया, महिलाओं पर जुल्म ढाने वाला इस्लामिक हीरो..."
तालिबानी मंत्री के स्वागत पर भड़के जावेद अख्तर
11 days ago Written By: अनिकेत प्रजापति
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। सीधे-सादे और बिना घुमाव-फिराव के अपने विचार रखने वाले जावेद अख्तर ने अब तालिबानी विदेश मंत्री के भारत में भव्य स्वागत पर अपनी गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में तालिबान को महिलाओं के हक का उल्लंघन करने वाली और अत्याचार फैलाने वाली इस्लामिक संगठन बताया। जावेद अख्तर ने इस मामले पर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए सहारनपुर के दारुल उलूम देवबंद को भी फटकार लगाई। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, "मुझे शर्म आती है। मेरा सिर शर्म से झुक जाता है। जब मैं देखता हूं कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी समूह तालिबान के प्रतिनिधि को किस तरह का सम्मान दिया गया और उसका देश में भव्य स्वागत किया गया है, तो यह सोचने पर मजबूर करता है।"
जावेद अख्तर ने कड़े शब्दों में की आलोचना वो अपने पोस्ट में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आगे लिखते हैं, ‘जो लोग हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हैं, उन लोगों ने भी तालिबान का इतना भव्य स्वागत किया। देवबंद को भी शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने अपने ‘इस्लामिक हीरो’ का इतना आदरपूर्ण स्वागत किया, जो उन लोगों में से एक है जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। ये उन लोगों में से एक हैं जो महिलाओं पर जुल्म ढाते हैं। मेरे भारतीय भाइयों और बहनों !!! हमारे साथ क्या हो रहा है. ये हमें क्या हो गया है।
जावेद अख्तर का पोस्ट
ये पहला मौका नहीं है जब जावेद अख्तर ने किसी राजनैतिक मामले में अपना पक्ष रखा है। वो इससे पहले भी कई बार राजनीति और समाज से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रख चुके हैं. हाल ही में जावेद अख्तर ने सेंसर बोर्ड पर तंज कसते हुए फिल्म इंडस्ट्री की मर्दानी सोच पर प्रहार किया था। उन्होंने कहा था कि आज भी ज्यादातर फिल्में मर्दों के लिए बनती हैं।