सुपरस्टार कमल हासन का 71वां जन्मदिन: बचपन में जीता था नेशनल अवॉर्ड,
एक फिल्म में निभाए थे 10 किरदार
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता कमल हासन आज अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश-विदेश से उनके प्रशंसक और फिल्मी सितारे उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। कमल हासन का फिल्मी सफर बेहद प्रेरणादायक है। महज 5 साल की उम्र में नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले कमल हासन ने आगे चलकर न केवल दक्षिण भारतीय सिनेमा बल्कि बॉलीवुड में भी अपनी दमदार पहचान बनाई। एक्टिंग के अलावा उन्होंने निर्देशन, लेखन, गायन और निर्माण के क्षेत्र में भी कमाल दिखाया।
3 साल की उम्र से शुरू हुआ एक्टिंग का सफर
कमल हासन ने साढ़े तीन साल की उम्र में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। साल 1959 में आई तमिल फिल्म ‘कलाथुर कन्नम्मा’ में उन्होंने बाल कलाकार के रूप में काम किया और इसी फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड जीता। इसके बाद उन्होंने 1973 में फिल्म ‘अरंगेत्रम’ से वयस्क कलाकार के रूप में एंट्री की।पिछले 50 सालों से अधिक के करियर में कमल हासन ने 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी और बंगाली भाषा की फिल्मों में अभिनय किया। वह सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि लेखक, निर्देशक, गायक, निर्माता, गीतकार और कोरियोग्राफर भी हैं। उन्हें 1990 में पद्म श्री और 2014 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीते। इसके अलावा उन्हें फ्रांस के शेवेलियर अवॉर्ड से भी नवाजा गया। उनकी मशहूर फिल्म ‘नायकन’ (1987) को टाइम मैगजीन ने “सर्वकालिक 100 श्रेष्ठ फिल्मों” में शामिल किया था।
‘चाची 420’ से लेकर ‘दशावतारम’ तक कमाल की कलाकारी
कमल हासन को आज भी लोग उनकी शानदार फिल्मों जैसे ‘चाची 420’, ‘उत्तम विलेन’, ‘हे राम’ और ‘विश्वरूपम’ के लिए याद करते हैं। ‘चाची 420’ में उन्होंने एक महिला का किरदार निभाया था, जिसका निर्देशन और लेखन खुद उन्होंने किया था। उनके अभिनय ने इस फिल्म को यादगार बना दिया। साल 2008 में उनकी फिल्म ‘दशावतारम’ ने इतिहास रच दिया। इसमें उन्होंने अकेले 10 किरदार निभाए एक बुजुर्ग महिला, 12वीं सदी के पुजारी, वैज्ञानिक, सीआईबी अधिकारी, सीआईए एजेंट, समाजसेवी, जापानी महिला, पंजाबी गायक, एक सज्जन पुरुष और अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश तक। यह फिल्म भारत की पहली तमिल फिल्म बनी जिसने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और सुपरहिट साबित हुई।
निजी जीवन और फैन्स की शुभकामनाएं
कमल हासन की दो शादियां हुईं, लेकिन दोनों का तलाक हो गया। उनकी दूसरी शादी से उनकी दो बेटियां हैं, श्रुति हासन और अक्षरा हासन, जो खुद फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। आज उनके जन्मदिन पर फैन्स और सेलेब्रिटीज सोशल मीडिया पर उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं।