फिल्म और टीवी अभिनेता मुकुल देव का निधन, ICU में थे भर्ती, ‘सन ऑफ सरदार’ से मिली थी खास पहचान,
60 से ज्यादा फिल्मों में किया है अभिनय
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Actor Mukul Dev Passes Away: बॉलीवुड और टेलीविजन के चर्चित अभिनेता मुकुल देव का 54 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे और हाल ही में आईसीयू में भर्ती कराए गए थे। शुक्रवार रात उनकी तबीयत बिगड़ी और दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उनका निधन फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा झटका है। मुकुल ने हिंदी, पंजाबी, साउथ फिल्मों और टीवी में अपनी खास पहचान बनाई थी। उनके निधन से फैन्स और कलाकारों में शोक की लहर है।
बीमारी के चलते अस्पताल में थे भर्ती
मुकुल देव कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। शुक्रवार रात हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया।
‘सन ऑफ सरदार’ से मिली थी खास पहचान
अभीनेता मुकुल ने बहुत सारी फिल्मों में अलग-अलग तरीके का काम किया है, लेकिन उन्हें खास पहचान फिल्म 'सन ऑफ सरदार' में टोनी सिंह संधू के किरदार से मिली। उन्होंने 'यमला पगला दीवाना', 'आर...राजकुमार', 'जय हो' जैसी फिल्मों में भी दमदार भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्मी सितारों ने जताया शोक
अभिनेता मुकेश ऋषि ने कहा कि मुकुल के निधन की खबर से वे टूट गए हैं। वहीं, एक्टर विंदु दारा सिंह ने बताया कि मुकुल को कोविड के बाद डर बना रहता था। उन्होंने मुकुल के साथ बिताए पलों को याद किया और श्रद्धांजलि दी।
दोस्त दीपशिखा और मनोज बाजपेयी भी भावुक
मुकुल की दोस्त दीपशिखा नागपाल ने इंस्टाग्राम पर उनके साथ तस्वीर शेयर की और लिखा कि वे फोन का इंतजार कर रही हैं। अभिनेता मनोज बाजपेयी ने उन्हें भाई समान बताया और कहा कि उनकी गर्मजोशी की कोई तुलना नहीं थी।
1996 में की करियर शुरुआत
अभीनेता मुकुल देव का जन्म 17 सितंबर 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने अपने अभीनय का सफर 1996 में टीवी शो 'मुमकिन' से शुरू किया था। उन्होंने उसी साल फिल्म 'दस्तक' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने हिंदी, पंजाबी, कन्नड़, तेलुगु समेत 60 से ज़्यादा फिल्मों में काम किया है।
2022 में दिखे थे आखिरी बार
उन्हें आखिरी बार 2022 की फिल्म 'अंत द एंड' में देखा गया था। टीवी पर वे 2018 के शो '21 सरफरोश' और 2020 की वेब सीरीज 'स्टेट ऑफ सीज: 26/11' में नजर आए थे।