इंदौर की बहू बनेंगी किक्रेटर स्मृति मंधाना, संगीतकार पलाश मुछाल ने किया ऐलान,
6 साल से रिलेशनशिप में हैं दोनों
7 days ago Written By: News Desk
इंदौर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में फिल्म संगीतकार और निर्देशक पलाश मुछाल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया। उन्होंने मंच से घोषणा की कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। इस ऐलान के बाद पूरे कार्यक्रम में तालियों की गूंज उठी और सोशल मीडिया पर भी दोनों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
6 साल पुराने रिश्ते को दिया नया नाम
पलाश मुछाल और स्मृति मंधाना पिछले 6 साल से रिलेशनशिप में हैं। दोनों का रिश्ता 2019 में सार्वजनिक हुआ था, जब वे पहली बार साथ में एक इवेंट में नजर आए थे। इसके बाद से कई बार दोनों को साथ देखा गया — कभी परिवारिक समारोहों में, तो कभी क्रिकेट मैदानों में। पलाश और स्मृति एक-दूसरे के करियर में लगातार सपोर्ट करते रहे हैं। दोनों एक-दूसरे के जन्मदिन और उपलब्धियों को साथ मिलकर सेलिब्रेट करते हैं।
पलाश का पूरा परिवार देखेगा स्मृति का मैच
जानकारी के मुताबिक, पलाश मुछाल का परिवार भी स्मृति के खेल का बड़ा प्रशंसक है। इस बार 19 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत-इंग्लैंड महिला विश्व कप मुकाबले में पलाश, उनकी मां और पूरा परिवार स्टेडियम में मौजूद रहेगा। पलाश की शुरुआती पढ़ाई इंदौर में हुई है। उन्होंने यहीं के एक कॉलेज से बीकॉम की डिग्री ली और बाद में मुंबई जाकर अपने संगीत करियर की शुरुआत की। ऐसे में स्मृति को अब “इंदौरी बहू” कहा जा रहा है।
संगीत से लेकर सिनेमा तक, पलाश की मजबूत पहचान
पलाश मुछाल बॉलीवुड के जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर और फिल्ममेकर हैं। वे कई फिल्मों के लिए संगीत दे चुके हैं और निर्देशन की दुनिया में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी बहन पलक मुछाल देश की लोकप्रिय गायिका हैं, जो सामाजिक कार्यों और अपनी मधुर आवाज के लिए जानी जाती हैं।
भारत-इंग्लैंड मुकाबले में मंधाना पर निगाहें
इंदौर में होने वाला भारत और इंग्लैंड का यह मैच महिला विश्व कप का एक महत्वपूर्ण मुकाबला माना जा रहा है। भारत इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका उससे आगे हैं। टीम इंडिया को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए जीत की सख्त जरूरत है, और इसकी सबसे बड़ी उम्मीद स्मृति मंधाना से है, जो टीम की रीढ़ मानी जाती हैं।