दिल्ली ब्लास्ट के बाद रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का ट्रेलर लॉन्च टला,
मीका सिंह ने भी शो रद्द किया
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट ने पूरे देश को दहला दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड जगत भी सदमे में है। कई कलाकारों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। सिंगर मीका सिंह ने दिल्ली में होने वाला अपना शो रद्द कर दिया है, जबकि रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ का ट्रेलर लॉन्च इवेंट भी स्थगित कर दिया गया है।
दिल्ली ब्लास्ट के सम्मान में स्थगित हुआ ट्रेलर लॉन्च
रणवीर सिंह की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ का ट्रेलर 12 नवंबर 2025 को लॉन्च होना था। लेकिन, सोमवार रात लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए धमाके के बाद मेकर्स ने यह इवेंट टालने का फैसला लिया। फिल्म के प्रोड्यूसर्स ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा,“दिल्ली विस्फोट में प्रभावित पीड़ितों और परिवारों के सम्मान में, 12 नवंबर को होने वाला ‘धुरंधर’ ट्रेलर लॉन्च स्थगित किया जाता है। नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। आपकी समझ के लिए धन्यवाद। – जियो स्टूडियोज, बी62 स्टूडियोज और टीम धुरंधर।”
रणवीर सिंह की फिल्म से बढ़ी उम्मीदें
‘धुरंधर’ रणवीर सिंह की एक दमदार एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जो इसी साल 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का फर्स्ट लुक टीजर 6 जुलाई 2025 को जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। ट्रेलर को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन अब उन्हें थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।
दर्शकों में उत्सुकता, मेकर्स दिखा रहे संवेदनशीलता
फिल्म के मेकर्स ने दिल्ली ब्लास्ट के बाद जो निर्णय लिया है, उसकी सराहना सोशल मीडिया पर हो रही है। कई लोगों ने कहा कि ऐसे कठिन समय में यह एक संवेदनशील कदम है। वहीं, फैंस का कहना है कि वे ‘धुरंधर’ के ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मीका सिंह ने भी रद्द किया शो
गायक मीका सिंह ने भी दिल्ली ब्लास्ट के बाद अपनी प्रस्तुति रद्द करने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह शो रद्द कर वे पीड़ित परिवारों के साथ अपनी एकजुटता दिखाना चाहते हैं। ‘धुरंधर’ को जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी एक सस्पेंस और एक्शन से भरी डार्क थ्रिलर पर आधारित है, जिसमें रणवीर सिंह एक अलग ही अवतार में दिखाई देंगे।