बिग बॉस को मिली नई चुनौती, फ्लॉप समझा गया शो बन गया हिट,
राइज एंड फॉल कमा रहा मोटा पैसा
1 months ago Written By: ANJALI
भारत में रियलिटी शोज़ का सीज़न लौट आया है। एक तरफ सलमान खान का मशहूर शो बिग बॉस 19 दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ अमेज़न-एमएक्स प्लेयर पर शुरू हुआ नया रियलिटी शो राइज एंड फॉल चर्चा का विषय बन गया है। हैरानी की बात यह है कि इसका पहला सीजन ही बिग बॉस को सीधी टक्कर देता नजर आ रहा है।
अशनीर ग्रोवर ने किया ये दावा
शो को अशनीर ग्रोवर होस्ट कर रहे हैं। उन्होंने पहले ही हफ्ते दावा किया कि राइज एंड फॉल ने कई बड़े टीवी शोज़ को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कंटेस्टेंट्स से कहा कि शो के स्पॉन्सर्स बढ़ रहे हैं, जिसका मतलब है कि दर्शकों का रिस्पॉन्स शानदार मिल रहा है।
बिग बॉस के होस्ट पर इशारा
शो शुरू होने से पहले ही अशनीर ग्रोवर ने बिना नाम लिए एक बयान दिया था कि “रियलिटी शो कंटेस्टेंट्स के बारे में होना चाहिए, न कि किसी सुपरस्टार के इर्द-गिर्द घूमना चाहिए।” उनका यह कमेंट साफ तौर पर बिग बॉस और सलमान खान की ओर इशारा माना गया।
सोशल मीडिया पर बढ़ रही फैन फॉलोइंग
शुरुआत में लगा था कि यह शो फ्लॉप हो जाएगा, लेकिन भोजपुरी स्टार पवन सिंह के एंट्री और अन्य दमदार कंटेस्टेंट्स की वजह से शो ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की है। सोशल मीडिया पर पवन सिंह के वीडियोज़ वायरल हो रहे हैं, जबकि अर्जुन बिजलानी अपने माइंड गेम से सभी को हैरान कर रहे हैं।
कंटेस्टेंट्स का असली रंग
शो में आकृति और आरूष अपनी रियल पर्सनैलिटी से दर्शकों को इंप्रेस कर रहे हैं। वहीं अरबाज का गुस्सैल रवैया और हाथापाई तक पहुंच जाना सुर्खियां बटोर रहा है। अहाना, धनश्री, कीकू और नयनदीप भी शो में दमदार प्रदर्शन करते दिख रहे हैं।
शो का कॉन्सेप्ट
शो का फॉर्मेट काफी हद तक बिग बॉस जैसा है। यहां भी टास्क, प्लॉटिंग और एलायंस बनते-बिगड़ते रहते हैं। लेकिन फर्क यह है कि यहां कंटेस्टेंट्स दो हिस्सों में बंटे हैं— रूलर्स, जो पेंटहाउस में रहते हैं। वर्कर्स, जिन्हें बेसमेंट में रहना पड़ता है। हर दिन बदलते समीकरण और स्ट्रैटजीज़ ही दर्शकों के लिए एंटरटेनमेंट का नया तड़का बन रहे हैं।