संजय खान की पत्नी जरीन कतरक का 81 साल की उम्र में निधन
लंबे समय से थीं बीमार
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
बॉलीवुड और फैशन इंडस्ट्री के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। संजय खान की पत्नी जरीन कतरक का शुक्रवार, 7 नवंबर को मुंबई में निधन हो गया। जरीन लंबे समय से बीमार थीं और उन्होंने अपने घर पर आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और करीबी गहरे शोक में हैं। जरीन के परिवार में उनके पति संजय खान और बच्चे सुजैन खान, सिमोन अरोड़ा, फराह अली खान और जायद खान शामिल हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही फिल्म इंडस्ट्री और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जरीन कतरक की मौत का कारण
वायरल भयानी ने इंस्टाग्राम पर जरीन कतरक की मौत की जानकारी साझा की। रिपोर्ट्स के अनुसार जरीन कुछ समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रही थीं। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनका निधन हो गया। खान परिवार के एक करीबी सूत्र ने भी यह जानकारी टीम वायरल भयानी को दी।
जरीन कतरक की पहचान और काम
जरीन कतरक मॉडल, एक्ट्रेस और इंटीरियर डिजाइनर के रूप में प्रसिद्ध थीं। उन्होंने 1960 और 1970 के दशक में फैशन और एडवरटाइजिंग इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। जरीन ने हिंदी फिल्मों में भी काम किया। वे फिल्म ‘तेरे घर के सामने’ (1963) में देव आनंद के साथ नजर आईं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘एक फूल दो माली’ में कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में भी काम किया। उनकी खूबसूरती और शांत स्वभाव के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
संजय खान की पत्नी बन चर्चा में आईं
जरीन कतरक ने 1966 में बॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर संजय खान से शादी की। इसके बाद वे परिवार और समाज में खूब चर्चा में रहीं। जुलाई 2025 में जरीन ने अपने 81वें जन्मदिन का जश्न अपने परिवार के साथ मनाया था। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड और फैशन इंडस्ट्री में शोक की लहर है। जरीन कतरक का योगदान बॉलीवुड, फैशन और डिजाइनिंग इंडस्ट्री में हमेशा याद रखा जाएगा।