बंद हो रहा है शिल्पा शेट्टी का रेस्ट्रां,
धोखाधड़ी मामले के बाद लिया गया फैसला
7 days ago
Written By: ANJALI
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में धोखाधड़ी मामले को लेकर शिल्पा और उनके पति राज कुंद्रा का नाम विवादों में आया था। अब एक्ट्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए मुंबई के बांद्रा स्थित अपने मशहूर रेस्टोरेंट बैस्टियन को बंद करने का ऐलान कर दिया है।
इंस्टाग्राम पर दी जानकारी
शिल्पा शेट्टी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ के जरिए फैन्स को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा— “इस गुरुवार को एक युग का अंत हो रहा है क्योंकि हम मुंबई के सबसे मशहूर स्थलों में से एक – बैस्टियन बांद्रा को अलविदा कह रहे हैं। इस जगह ने हमें अनगिनत यादें, अविस्मरणीय रातें और शहर की नाइटलाइफ को आकार देने वाले पल दिए, लेकिन अब यह अपना अंतिम प्रणाम कर रहा है।”

खास शाम का आयोजन
एक्ट्रेस ने बताया कि इस प्रतिष्ठित जगह की याद में अपने करीबियों और खास मेहमानों के लिए एक विशेष शाम का आयोजन किया जाएगा। इसमें पुरानी यादों और बैस्टियन से जुड़ी हर चीज़ का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हालांकि बैस्टियन बांद्रा बंद हो रहा है, लेकिन इसका सफर बैस्टियन एट द टॉप के साथ एक नए अध्याय में जारी रहेगा।
2016 में हुई थी शुरुआत
बैस्टियन बांद्रा की शुरुआत 2016 में हुई थी। यह रेस्टोरेंट शिल्पा शेट्टी और रंजीत बिंद्रा का पार्टनरशिप प्रोजेक्ट है। यहां का सी फूड काफी पॉपुलर रहा है और यह जगह बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ की फेवरेट रही है। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल का वेडिंग रिसेप्शन भी यहीं आयोजित किया गया था।
धोखाधड़ी मामले के बाद लिया गया फैसला
यह फैसला उस समय सामने आया है जब शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर 60 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। माना जा रहा है कि इस विवाद ने भी बैस्टियन को बंद करने के फैसले पर असर डाला है।