श्रीकांत-रुकमा की पर्सनल लड़ाई का कैसा होगा अंत?
घनचक्कर क्लाइमेक्स से साफ हुई सीजन 4 की दिशा
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
चार साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार ‘द फैमिली मैन’ सीजन 3 प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गया है। इस नए सीजन में श्रीकांत तिवारी (मनोज बाजपेयी) एक नए और खतरनाक मिशन के साथ लौटे हैं। पिछला सीजन कई अनसुलझे सवाल छोड़ गया था, खासकर चीन के प्रोजेक्ट गुआन यू के खतरे को लेकर। सीजन 3 उसी कहानी को आगे बढ़ाता है और दिखाता है कि भारत के सामने यह नया खतरा कितना गंभीर है। कहानी में नए ट्विस्ट और खतरनाक मिशन के बीच श्रीकांत की जद्दोजहद, परिवार की परेशानियाँ और खतरनाक विरोधी नजर आते हैं।
सीजन 3 की कहानी
सीजन 3 में श्रीकांत और उनकी पत्नी सुचि (प्रियमणि) वैवाहिक तनाव झेल रहे हैं। इस बीच देश के नॉर्थईस्ट में राजनीतिक तनाव बढ़ता है और शांति बनाए रखने के लिए प्रोजेक्ट सहकार शुरू किया जाता है। इस मिशन को सफल बनाने के लिए कई संगठनों को एक मंच पर लाया जाता है। लेकिन लंदन में मीरा (निमरत कौर) हर कदम की जानकारी रखती है और भारतीय सिस्टम में कोई भेदिया काम कर रहा है। रुक्मा (जयदीप अहलावत) इस बीच मिशन के दो मुख्य स्तंभों की हत्या करता है। श्रीकांत अपने गुरु गौतम कुलकर्णी (दलीप ताहिल) को खो देते हैं।
श्रीकांत पर शक और TASC में उथल-पुथल
TASC श्रीकांत पर शक करने लगता है और उन्हें सस्पेंड कर देता है। शुरू में श्रीकांत स्टीफन (पालिन कबाक) को दोषी मानते हैं, लेकिन जांच में पता चलता है कि कुलकर्णी की हत्या रुक्मा ने की थी। SIT जांच का नेतृत्व कर रहे यतीश (हरमन सिंघा) अपने निजी एजेंडे पर काम कर रहे हैं। वहीं जोया (श्रेया धनवंतरी) बाहर से श्रीकांत के खिलाफ नजर आती हैं, लेकिन अंदर से उनकी मदद कर रही हैं। विपक्ष तिवारी परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया अभियान चलाता है, यहां तक कि उनके डिवोर्स पेपर्स लाइव टीवी पर दिखाए जाते हैं।
चेज, खतरे और बड़ा खुलासा
श्रीकांत, माइकल वेदनायगम (विजय सेतुपति) की मदद से बॉर्डर पार कर रुक्मा का पीछा करते हैं। वह भारतीय सैनिकों को बचाने में सफल होते हैं, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। सुचि, धृति और अथर्व नकली पुलिस कस्टडी में फंस जाते हैं, जिन्हें जोया और सलोनी (गुल पनाग) बचाती हैं। इस बीच जोया यतीश को गोली मार देती हैं। मीरा और रुक्मा के बीच बढ़ती भावनाएँ कहानी में नया मोड़ जोड़ती हैं।
अधूरी कहानियाँ और अगला सीजन
सीजन 3 में सुचि और अरविंद की लोनावाला ट्रिप का राज अभी खुलता नहीं है। अंत में श्रीकांत और रुक्मा की कहानी अधूरी रहती है, जिससे दर्शकों को साफ संदेश मिलता है कि अगला सीजन और भी रोमांचक होने वाला है।