Odisha: गजपति में होमगार्ड भर्ती के दौरान युवक की मौत, सात अन्य अस्पताल में हुए भर्ती,
मुख्यमंत्री ने की 4 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Odisha: ओडिशा के गजपति जिले में होमगार्ड भर्ती के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गुरुवार की सुबह शारीरिक परीक्षण के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य उम्मीदवारों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह हादसा परलखेमुंडी के पास रानीपंथ और पद्मपुर के बीच उस समय हुआ जब युवक दो किलोमीटर की दौड़ पूरी कर रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ।
दौड़ खत्म होने से 30 सेकंड पहले गिरा युवक
पुलिस ने बताया कि मृतक युवक की पहचान पारिसल गांव के रहने वाले सुलंत मिशल के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, मिशल दौड़ खत्म करने से महज 30 सेकंड पहले ही गिर पड़े। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनकर उनके परिवार में मातम छा गया और ग्रामीणों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सात और युवक शारीरिक परीक्षण के दौरान हुए बीमार
इस दौड़ में शामिल अन्य सात युवक भी शारीरिक परीक्षण के दौरान बीमार हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां सुलंत मिशल को ले जाया गया था।
मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये की सहायता
घटना के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण महजी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट कर बताया गया कि मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद और संवेदनशील घटना है, जिसमें एक युवा की जान चली गई। यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि भर्ती प्रक्रिया में स्वास्थ्य सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा इंतजाम कितने जरूरी हैं। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।