इंडिगो फ्लाइट में टोपी और दाढ़ी वाले यात्री को जड़ा थप्पड़…
मचा बवाल, वीडियो वायरल होने पर सोशल मीडिया पर उठे सवाल…
1 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर 6E138 में शनिवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जिसने न केवल सोशल मीडिया को झकझोर कर रख दिया बल्कि एयरलाइंस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फ्लाइट में एक यात्री द्वारा सहयात्री को थप्पड़ मारने की घटना कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है।
विमान में अचानक हिंसा, वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक टोपी पहने दाढ़ी वाले शख्स, जिसकी तबीयत खराब लग रही थी, को केबिन क्रू सहारा देकर विमान से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान, किनारे की सीट पर बैठे एक अन्य यात्री ने अचानक उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। घटना से विमान में अफरा-तफरी मच गई। एक फ्लाइट अटेंडेंट तुरंत हस्तक्षेप करती है और थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति से कहती है, "सर, प्लीज़ ऐसा न करें।" वहीं, वीडियो रिकॉर्ड कर रहे यात्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "आपने उसे क्यों मारा ? आपको किसी को मारने का कोई हक नहीं है।" जवाब में आरोपी कहता है, "उसकी वजह से हमें प्रॉब्लम हो रही थी।"
क्रू ने की घायल यात्री की मदद
थप्पड़ लगने के बाद पीड़ित visibly परेशान और रोते हुए नज़र आता है। वीडियो में एक अन्य यात्री कहता है, "उसे पैनिक अटैक आया है, प्लीज़ उसके लिए पानी लाइए।" इस बीच दो केबिन क्रू सदस्य पीड़ित की मदद करते हैं और उसे विमान से बाहर निकालने में सहायता करते दिखते हैं।
कोलकाता में गिरफ्तारी, फिर रिहाई
फ्लाइट के कोलकाता पहुंचते ही सीआईएसएफ (CISF) ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया। एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि आरोपी को लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। इंडिगो ने आरोपी को "उपद्रवी यात्री" करार देते हुए यह भी बताया कि उसने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत विमानन सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। हालांकि, 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, बिधाननगर पुलिस ने आरोपी को कुछ समय बाद छोड़ दिया। यह जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इंडिगो की प्रतिक्रिया को "कमज़ोर" और "ढीली" बताते हुए आलोचना शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जाने-माने वकील संजय हेगड़े ने पूछा, "क्या इंडिगो ने आरोपी को नो-फ्लाई लिस्ट में डाला? क्या घटना के बाद पुलिस से औपचारिक शिकायत की गई ?" एक यूज़र ने लिखा, "अगर इस मानसिकता पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह समाज के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। देश में इस्लामोफोबिया की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है।" शिवराज यादव नाम के एक यूज़र ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "क्या थप्पड़ सिर्फ दाढ़ी टोपी देखकर मारा गया या कोई विवाद हुआ था, यह सच्चाई सामने आनी बाकी है, लेकिन जो हुआ वो गलत है।" डॉ. शीतल यादव ने कहा, "धर्म के आधार पर भेदभाव गलत है। इस्लामोफोबिया अब एक चिंता का विषय बनता जा रहा है।" हालांकि, कुछ यूज़र्स का यह भी दावा है कि हमलावर और पीड़ित दोनों एक ही समुदाय से हैं, और घटना को सांप्रदायिक रंग देना गलत है।
पीड़ित की स्थिति अब स्थिर
एक अन्य यूज़र ने जानकारी दी कि पीड़ित युवक हुसैन अहमद मजूमदार, जो मुंबई से सिलचर लौट रहे थे, को घटना के बाद कुछ देर के लिए “लापता” बताया गया था। बाद में पुष्टि हुई कि वह कोलकाता में सुरक्षित हैं, स्थिर हैं और परिवार के संपर्क में हैं।