दिल्ली में धूलभरी आंधी से फ्लाइट ऑपरेशन बाधित, 205 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट,
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
18 days ago
Written By: NEWS DESK
नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार देर शाम चली धूलभरी आंधी से लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गईं। इस दौरान आंधी ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर फ्लाइट संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया। खराब मौसम की वजह से 205 से अधिक फ्लाइट्स देर से रवाना हुईं, जबकि 50 से ज्यादा उड़ानों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, अधिकांश फ्लाइट्स में औसतन एक घंटे की देरी हुई। स्थिति शनिवार सुबह 7 बजे तक सामान्य नहीं हो सकी।
एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी…
यहां आई आंधी से चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन बाधित होने की वजह से यात्रियों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। बार-बार की चेकिंग और फ्लाइट्स की अनिश्चितता ने यात्रियों को परेशान कर दिया।
एयरलाइनों और प्रशासन ने दी जानकारी…
एयरपोर्ट पर खराब हुए हालात को देखते हुए एयर इंडिया और इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा, “खराब मौसम के चलते उड़ानों पर असर पड़ा है। यात्री अपनी फ्लाइट की जानकारी संबंधित एयरलाइनों से प्राप्त करें। असुविधा के लिए खेद है।”
यात्रियों का फूटा सोशल मीडिया पर गुस्सा…
एक यात्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर हालात बेहद खराब हैं। यात्रियों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।”
दूसरे यात्री ने बताया, “हमारी श्रीनगर से मुंबई की फ्लाइट दिल्ली में लैंड होनी थी, लेकिन उसे चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया। उसके बाद भी 12 घंटे बीत जाने के बावजूद हम एयरपोर्ट पर फंसे हैं।”
बुजुर्ग महिला ने बताई आपबीती…
75 वर्षीय महिला ने बताया, “हम रात 11 बजे से एयरपोर्ट पर हैं। 12 घंटे से ज्यादा हो गए, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। व्हीलचेयर पर बैठकर पूरे समय इंतजार किया है।”
शहर में भी नुकसान…
दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज धूलभरी आंधी ने कहर बरपाया। कई जगह पेड़ और टहनियां गिरने से रास्ते अवरुद्ध हो गए। नरेला, बवाना, बड़ली और मंगोलपुरी जैसे इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही।
IMD का अलर्ट जारी…
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विभाग ने आंधी-तूफान, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका जताई है। नागरिकों से सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।