जम्मू: अखनूर में आतंकियों से मुठभेड़, 9 पंजाब रेजिमेंट के JCO शहीद,
3 आतंकी ढेर
18 days ago
Written By: NEWS DESK
नई दिल्ली: जम्मू के अखनूर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शनिवार को 9 पंजाब रेजिमेंट के JCO कुलदीप चंद शहीद हो गए। यहां अखनूर के केरी बट्टल इलाके में शुक्रवार की देर रात से ही एक्शन शुरू हुआ था। जहां सेना लगातार डटी रही। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरा हुआ है। वहीं, इस पूरे ऑपरेशन में सेना ने 3 आतंकियों को भी मार गिराया है। सेना ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।
किश्तवाड़ में तीन आतंकी ढेर…
वहीं, शुक्रवार को किश्तवाड़ जिले के घने जंगलों में एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने शुक्रवार देर रात तक 3 आतंकियों को मार गिराया। ऑपरेशन रात से चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के हैं। इनमें टॉप कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल है।
LoC पर लगातार घुसपैठ की कोशिशें…
यहां लगातार LOC पर घुसपैठ की खबरें आ रही हैं। इससे पहले 4 और 5 अप्रैल की दरम्यानी रात जम्मू में LoC पर आरएस पुरा सेक्टर में BSF के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। वहीं, 1 अप्रैल को LoC पर सेना के एनकाउंटर में 4-5 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मारा गया था। यह घटना पुंछ में LoC पर कृष्णा घाटी सेक्टर के फॉरवर्ड एरिया में हुई थी।
सेना ने शहीद JCO को दी श्रद्धांजलि…
व्हाइट नाइट कोर ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “GOC व्हाइट नाइट कोर और सभी सैनिक सूबेदार कुलदीप चंद की सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं। वे आतंकियों की घुसपैठ रोकने के लिए चलाए गए ऑपरेशन का नेतृत्व करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।”

1 अप्रैल को सीजफायर उल्लंघन…
1 अप्रैल को LoC से सटे इलाके में 3 माइन ब्लास्ट हुए और पाकिस्तान की ओर से फायरिंग भी की गई थी। दावा है कि इसी समय आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी। भारतीय सेना ने जवाबी फायरिंग की थी, जिसमें 4 से 5 घुसपैठिए मारे गए थे।
फायरिंग और ब्लास्ट को लेकर सेना ने कहा- “एक अप्रैल को LoC के उस पार से पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठ की कोशिश की। इसके कारण कृष्णा घाटी सेक्टर में एक माइन ब्लास्ट हुआ। पाकिस्तानी सेना ने बिना उकसावे के फायरिंग की और संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया।”
सेना ने कहा- “हमारे सैनिकों ने फायरिंग का जवाब दिया। स्थिति नियंत्रण में है और इस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भारतीय सेना LoC पर शांति बनाए रखने के लिए साल 2021 के DGSMO समझौते को बनाए रखने की अपील करती है।”
कठुआ और राजौरी में सर्च ऑपरेशन…
इधर कठुआ में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। राजौरी जिले में सुंदरबनी के सिया बदराई इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। यह इलाका बॉर्डर से सटा हुआ है। जून 2024 में आतंकियों ने यहां पर शिव खोरी से लौट रही बस पर हमला किया था