भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी में छटनी की तैयारी,
शेयरों को लगा बड़ा झटका
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा प्रदाता कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने वैश्विक वर्कफोर्स में 2% की कटौती का ऐलान किया है। सोमवार सुबह इस खबर के सार्वजनिक होते ही टीसीएस के शेयरों में गिरावट देखी गई। बीएसई पर टीसीएस का शेयर शुरुआती कारोबार में 1.69% गिरकर ₹3,081.20 पर पहुंच गया। कंपनी की यह छंटनी मुख्य रूप से मिड और सीनियर लेवल मैनेजमेंट को प्रभावित करेगी। 30 जून 2025 तक टीसीएस में कुल 6,13,069 कर्मचारी थे, जिनमें से 5,000 की भर्ती अप्रैल-जून तिमाही के दौरान हुई।
एआई और भविष्य की रणनीति के नाम पर कटौती
ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी की यह छंटनी मुख्य रूप से मिड और सीनियर लेवल मैनेजमेंट को प्रभावित करेगी। 30 जून 2025 तक टीसीएस में कुल 6,13,069 कर्मचारी थे, जिनमें से 5,000 की भर्ती अप्रैल-जून तिमाही के दौरान हुई। वहीं कंपनी का कहना है कि यह फैसला उसे "भविष्य के लिए तैयार" करने की दिशा में उठाया गया है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और वैश्विक विस्तार पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
मुनाफा बढ़ा, लेकिन राजस्व घटा
टीसीएस ने 10 जुलाई को जारी अपने पहली तिमाही (Q1FY26) के नतीजों में बताया कि उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 4.38% बढ़कर ₹12,760 करोड़ हो गया, जो पिछली तिमाही में ₹12,224 करोड़ था। हालांकि, कंपनी की परिचालन से होने वाली आय 1.6% घटकर ₹63,437 करोड़ रही। डॉलर टर्म में भी राजस्व 0.6% घटकर $7,421 मिलियन हो गया। ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी का EBIT (ब्याज और टैक्स से पहले की आय) ₹15,514 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में 0.6% कम है। हालांकि, EBIT मार्जिन में 30 बेसिस पॉइंट्स का सुधार दर्ज हुआ और यह 24.5% रहा। टीसीएस के बोर्ड ने ₹11 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है।
शेयर में लगातार गिरावट
टीसीएस के शेयरों ने हालिया महीनों में निवेशकों को खास राहत नहीं दी है। पिछले एक महीने में स्टॉक 10% टूटा है, जबकि छह महीने में इसमें 23% की गिरावट आई है। एक साल में कंपनी का शेयर 30% तक गिर चुका है। हालांकि, पांच साल की अवधि में इसने कुल मिलाकर 33% का रिटर्न दिया है। सोमवार सुबह 9:40 बजे बीएसई पर टीसीएस का शेयर 1.25% की गिरावट के साथ ₹3,095.25 पर ट्रेड कर रहा था।
बाजार में असर
टीसीएस की गिरावट के साथ ही इसके प्रतिस्पर्धी इंफोसिस और विप्रो के शेयर भी 1% से अधिक टूटे, जिससे निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.6% नीचे आ गया।