मैं अतीक अहमद का रिश्तेदार हूं, मेरी बात नहीं मानी तो...
ये कहकर महिला पर जबरन संबंध बनाने का दबाव बना रहा था युवक, जानें क्या है मामला
10 days ago Written By: NEWS DESK
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक शादीशुदा महिला ने शकील नाम के युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह उसका पूर्व प्रेमी है और उसने उसकी जिन्दगी बर्बाद कर दी है। जब महिला ने दूसरे युवक से शादी कर ली तब भी वह उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। खुद को अतीक अहमद का रिश्तेदार बताकर वह उसे धमका रहा है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला लखनऊ के मदेयगंज थाना इलाके का है। यहां रविवार को एक शादीशुदा महिला ने ब्लैकमेल और यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई। उसकी शिकायत के मुताबिक, शकील नाम का युवक उसका क्लासमेट था। उसने शादी का झांसा देकर उसे प्रेम जाल में फंसाया था, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद महिला ने अन्य युवक से शादी कर ली थी, लेकिन शकील ने उसे बाद में परेशान करना शुरू कर दिया। उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा है।
पति को भेज दिए आपत्तिजनक फोटो
पीड़ित महिला के मुताबिक आरोपी शकील खुद को माफिया अतीक अहमद का रिश्तेदार बताता था। यही कहकर वह उसे धमका रहा है। जब उसने दूसरी शादी कर ली तब भी वह उससे संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। उसे डरा धमकाकर 40 हजार रुपए भी ऐंठ लिए थे। जब महिला ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया,तो युवक ने उसके पति को उसके आपत्तिजनक फोटो भेज दिए। जिसके बाद उसके पारिवारिक जीवन में कलह पैदा हो गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसके खिलाफ यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, वसूली की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की एक टीम मामले की जांच में लगी हुई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।