विजयादशमी पर रावण की जगह जलेंगे पति की हत्यारोपी पत्नियों के पुतले,
पौरुष संस्था ने कहा- मॉडर्न शूर्पणखा दहन
1 days ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
विजयादशमी यानी दशहरा हमेशा से बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रहा है। हर साल इस दिन रावण दहन होता है, लेकिन इस बार इंदौर में रावण की जगह उन महिला अपराधियों का पुतला जलाया जाएगा, जिन पर पति या मासूम बच्चों की हत्या जैसे गंभीर आरोप हैं। फिलहाल एक संस्था ने पोस्टर जारी कर इसकी जानकारी दी है।
पौरुष संस्था कराएगी आयोजन दरअसल पुरुषों के समर्थन में आवाज उठाने वाले एक संगठन ‘पौरुष’ ने इसका पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में दस सिर वाले रावण की जगह 11 महिलाओं की तस्वीरें लगाई गई हैं। इनमें सोनम रघुवंशी, मुस्कान (नीले ड्रम केस वाली), निकिता सिंघानिया, सुष्मिता, हंसा पटेल, चमन (गुड़िया), प्रियंका, सूचना सेठ, हर्षा पाडियार, रविता कश्यप और शशि शामिल हैं। वहीं इस पोस्टर पर संस्कृत श्लोक भी लिखा है- “नारि सुभाउ सत्य सब कहहीं | अवगुन आठ सदा उर रहहीं।”
2 अक्टूबर को होगा पुतला दहन जानकारी के मुताबिक, ‘मॉडर्न शूर्पणखा दहन’ कार्यक्रम 2 अक्टूबर (गुरुवार) को शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पुतला दहन का स्थल महालक्ष्मी नगर स्थित मेला ग्राउंड (बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा, इंदौर) तय किया गया है। ‘पौरुष’ का पूरा नाम है- People Against Unequal Rules Used To Shelter Harassment। यह संस्था पत्नी पीड़ित पुरुषों की समस्याओं को उठाती है और समाज में बराबरी की आवाज बुलंद करने का दावा करती है।