दारुल उलूम में महिलाओं की एंट्री बैन…
जानिए क्या रही बड़ी वजह…
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले में स्थित इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम देवबंद ने एक बार फिर महिलाओं की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। मंगलवार को इस फैसले को औपचारिक रूप से लागू करते हुए संस्था के मुख्य द्वार पर एक नोटिस चस्पा कर दिया गया, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि अब महिलाओं को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर अपलोड हो रहे थे वीडियो
प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि हाल के दिनों में कुछ महिलाएं चुपके से परिसर में प्रवेश कर वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रही थीं। दारुल उलूम के अनुसार, इससे न सिर्फ संस्था की गरिमा को ठेस पहुंच रही थी, बल्कि बेपर्दगी जैसे धार्मिक और सामाजिक मूल्यों का भी उल्लंघन हो रहा था।
नोटिस में केवल महिलाओं की एंट्री ही नहीं, बल्कि परिसर में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, गुटखा, तंबाकू सेवन, और नशीली चीजों के प्रयोग पर भी पूरी तरह पाबंदी लगाने की बात कही गई है। यहां तक कि परिसर में लगे पौधों को छूने या तोड़ने की भी मनाही की गई है। इसके अलावा यह निर्देश भी दिया गया है कि सूर्यास्त से पहले सभी आगंतुकों को परिसर खाली करना होगा।
शर्तों पर मिला था प्रवेश
गौरतलब है कि दारुल उलूम परिसर में महिलाओं की एंट्री पहले से प्रतिबंधित थी, लेकिन करीब छह महीने पहले कुछ शर्तों के साथ उन्हें प्रवेश की अनुमति दी गई थी। इसके लिए एक विशेष रजिस्टर भी बनाया गया था, जिसमें प्रवेश करने वाली हर महिला का विवरण दर्ज किया जाता था। हालांकि, संस्था के मुताबिक, इन शर्तों का पालन ठीक से नहीं किया गया, जिसके कारण अब पुनः प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है।