एयर इंडिया की मुंबई-लंदन फ्लाइट एआई-129 आठ घंटे तक अटकी,
तकनीकी समस्या और क्रू लिमिटेशन बनी वजह
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
मुंबई: एयर इंडिया की मुंबई से लंदन जाने वाली शेड्यूल्ड फ्लाइट एआई-129 शनिवार सुबह तकनीकी समस्या और क्रू ड्यूटी लिमिटेशन की वजह से लगभग आठ घंटे तक मुंबई एयरपोर्ट पर अटकी रही। यह फ्लाइट सुबह 6:25 बजे के लिए निर्धारित थी, लेकिन टेकऑफ से पहले पायलट को विमान में तकनीकी खामी का पता चला। इस वजह से फ्लाइट वापस बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। इस घटना के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तकनीकी समस्या के कारण टेकऑफ रद्द एयर इंडिया ने इस फ्लाइट के लिए बोइंग 777-3FX(ER) विमान का इंतजाम किया था। सभी यात्री निर्धारित समय पर बोर्ड कर चुके थे और विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था। तभी पायलट को विमान में तकनीकी खामी का पता चला, जिसके बाद टेकऑफ रद्द कर विमान को वापस बे में ले जाया गया। एयर इंडिया की टेक्निकल टीम ने तुरंत विमान में मौजूद खराबी को ठीक करने की कोशिश की।
क्रू ड्यूटी टाइम लिमिटेशन बनी नई चुनौती तकनीकी खराबी ठीक होने के बाद भी नई समस्या सामने आई। इस फ्लाइट के क्रू का फ्लाइंग आवर्स समाप्त हो चुके थे, इसलिए उन्हें नई ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के तहत और उड़ान के लिए ऑपरेट नहीं किया जा सकता था। नए क्रू के आने में लंबा समय लगने के कारण फ्लाइट को कुल मिलाकर आठ घंटे के लिए डिले किया गया।
एयर इंडिया ने यात्रियों को दी राहत एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। कंपनी ने बताया कि मुंबई में ग्राउंड स्टाफ यात्रियों का पूरा ध्यान रख रहा है और उन्हें खाने-पीने की सुविधा दी जा रही है। एयरलाइंस का कहना है कि सभी यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और उनकी सुरक्षा और भलाई हमेशा प्राथमिकता रहती है। अब संभावना जताई जा रही है कि यह फ्लाइट दोपहर लगभग दो बजे लंदन के लिए रवाना होगी।