अंबेडकरनगर के युवक की अमृतसर के पेट्रोल पंप पर गोली मारकर हत्या, 15 दिन पहले ही बना था पिता,
घर में मचा कोहराम
16 days ago
Written By: NEWS DESK
अंबेडकरनगर: राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कटया जनेसरी गांव के 32 वर्षीय युवक की बीती रात अमृतसर के एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। जो जहां था, वहीं से मृतक के घर की तरफ भागा।
20 वर्षों से पंजाब में नौकरी करता था मृतक…
बताया जा रहा है कि गौतम पुत्र इन्द्रदेव विगत 20 वर्षों से पंजाब में रहकर अमृतसर के मजीठा क्षेत्र के कलेर मांगट गांव के पास पेट्रोल पंप पर तेल भरने का काम करता था। परिवार चलाने की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। बीती रात्रि लगभग 8 बजे तेल भरने के विवाद में उसे गोली मार दी गई। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना कुछ देर बाद पारिवारिक जनों को दी गई। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
15 दिन पहले ही बना था पिता…
घटना की सूचना पर गांव सहित आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। पारिवारिक जनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी मंदिरा देवी रो-रोकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। अभी 15 दिन पहले ही मृतक की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था। उनके छोटे भाई महातम कुमार की शादी 5 जून को तय थी। घर पर खुशी का माहौल था। भाई की शादी एवं बच्चे के जन्म पर खुशियां मनाई जा रही थीं, कि वहीं दूसरी तरफ एक ही झटके में सब कुछ समाप्त हो गया। मृतक की मां शारदा देवी बदहवास हैं। मृतक की तीनों बेटियां अपेक्षा (10 वर्ष), कुंजल (5 वर्ष), अर्तिका (3 वर्ष) अपने पिता को याद कर गम में डूबी हुई हैं।