8 साल बाद भी नहीं हुई जेठ की संतान…
पति ने पत्नी को बड़े भाई संग संबंध बनानेे के लिए किया मजबूर
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके ससुराल वाले उसे उसके जेठ के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहे हैं, क्योंकि जेठ की शादी को आठ साल हो चुके हैं लेकिन अब तक उन्हें संतान नहीं हुई है। पीड़िता ने बताया कि जब उसने ऐसा करने से इंकार किया, तो उसे घर में बंद कर प्रताड़ित किया गया। यह मामला एलुरु के जंगारेड्डीगुडेम इलाके का है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पति और बेटे के बावजूद जेठ के लिए किया जा रहा था दबाव मूल रूप से पोलावरम की रहने वाली इस महिला की शादी जंगारेड्डीगुडेम के रहने वाले रंजीत कुमार से हुई थी। शादी के बाद दोनों का एक साल का बेटा भी है। पीड़िता के पति के बड़े भाई प्रवीण की शादी को आठ साल बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं है। इसी कारण ससुराल वाले छोटी बहू पर दबाव डालने लगे कि वह अपने जेठ प्रवीण के साथ संबंध बनाकर उसे संतान दे।
इंकार करने पर कमरे में बंद कर किया गया अत्याचार महिला ने बताया कि जब उसने इस अमानवीय मांग को ठुकरा दिया, तो उसके ससुराल वालों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और उस पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार किया। परेशान होकर महिला ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों में आक्रोश पीड़िता की बहन ने भी बताया कि उसकी बहन को काफी समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों और महिला संगठनों में गुस्सा है। महिला संगठन की कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और वे मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
ससुराल वालों ने किया आरोपों से इनकार वहीं, आरोपी ससुराल वालों ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने बहू को कभी परेशान नहीं किया और उनके खिलाफ मनगढ़ंत कहानियां बनाई जा रही हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल मामला एलुरु पुलिस की निगरानी में है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।