मेरे मुंह से क्या निकल गया…
फ्लाइट में अनुपम खेर ने आखिर क्यों मांगी अजिंक्य रहाणे से माफी
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर अपनी बेबाकी और सहज स्वभाव के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं। 70 साल की उम्र में भी वह लगातार कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा बने हुए हैं और जल्द ही प्रभास की आने वाली फिल्म में भी नजर आने वाले हैं। सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपनी रोजमर्रा की बातें और अनुभव शेयर करते रहते हैं। इसी बीच उनका भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के साथ एक वीडियो वायरल हो गया है। इस वीडियो में अनुपम खेर फ्लाइट में हुए एक डरावने अनुभव के बाद रहाणे से माफी मांगते दिख रहे हैं। आखिर फ्लाइट में ऐसा क्या हुआ, जिससे वीडियो इतनी चर्चा में आ गया? आइए जानते हैं पूरी कहानी।
फ्लाइट में मिला डरावना अनुभव अनुपम खेर हाल ही में दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट में सफर कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे से हो गई। एक्टर ने बताया कि फ्लाइट का अनुभव बेहद डराने वाला रहा। जैसे ही विमान जमीन पर टच डाउन हुआ, उसी वक्त वह अचानक दोबारा टेक ऑफ कर गया। इस अचानक हुई घटना से एक्टर घबरा गए और डर के कारण उनके मुंह से कुछ शुद्ध हिंदी शब्द भी निकल गए।
अजिंक्य रहाणे की विनम्रता की तारीफ अनुपम खेर ने रहाणे के साथ एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दोनों फ्लाइट में साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में एक्टर ने लिखा कि वह रहाणे के खेल के ही नहीं, बल्कि उनके विनम्र स्वभाव और गरिमा के भी लंबे समय से प्रशंसक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डर के क्षण में वे उतने जेंटलमैन नहीं रह पाए, इसलिए उन्होंने रहाणे से माफी मांगी।
फ्लाइट अनुभव पर दोनों ने साझा की प्रतिक्रिया
वीडियो में अनुपम खेर बताते दिखते हैं कि जैसे ही विमान उतरा, वह तुरंत फिर से उड़ गया। यह सुनकर रहाणे मुस्कुराते हुए कहते हैं, जान में जान आ गई। दोनों की यह प्यारी बातचीत सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि दो बेहतरीन और सादगी से भरे लोग एक साथ यात्रा करते दिखे।