48 घंटे में 71 हमले कर पाक को हिलाया, क्या है BLA का 'ऑपरेशन हेरोफ'?
अब भारत को समर्थन, कर दिया ये बड़ा ऐलान
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Balochistan Liberation Army: बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। पिछले 48 घंटों में BLA ने 51 जगहों पर 71 से ज्यादा हमले किए हैं। यह हमले बलूचिस्तान में हुए हैं। इन हमलों में सेना के काफिले, चेक प्वाइंट्स, खुफिया एजेंसियां, खनिज ढोने वाले ट्रक और डेथ स्क्वॉड के एजेंट निशाने पर रहे। वहीं BLA ने एक बयान जारी कर भारत को खास संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है तो वे साथ देने को तैयार हैं। BLA ने भारत की सैन्य शाखा के साथ मिलकर लड़ने की इच्छा भी जताई है।
हमलों की पूरी जानकारी
BLA ने कहा कि उन्होंने ये हमले ऑपरेशन हेरोफ की तैयारी के तहत किए हैं। इस ऑपरेशन के जरिए वे अपने सैनिकों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। यह सिर्फ हमला नहीं था, बल्कि एक तरह का अभ्यास था। इसका मकसद दुश्मन को नुकसान पहुंचाना ही नहीं था। इससे ग्राउंड कंट्रोल, डिफेंस पोजिशन और मिलिट्री कोऑर्डिनेशन की भी जांच की गई। BLA ने बताया कि ये सारे कदम आने वाले बड़े युद्ध की तैयारी हैं।
क्या है ऑपरेशन हेरोफ
BLA ने साल 2024 में ऑपरेशन हेरोफ शुरू किया था। इसका मकसद स्वतंत्र बलूचिस्तान बनाना है। यह पाकिस्तान के नियंत्रण के खिलाफ एक बड़ी मुहिम है। यह ऑपरेशन कई चरणों में चल रहा है। पहले चरण में बीएलए ने 130 से ज़्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया था। इस दौरान उन्होंने कुछ समय के लिए बेला के सैन्य अड्डे पर कब्ज़ा भी कर लिया था।
भारत को दिया समर्थन
BLA ने कहा है कि अगर भारत पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी लड़ाई लड़ता है, तो वे साथ खड़े होंगे। उन्होंने भारत को भरोसा दिलाया है कि वे वेस्टर्न बॉर्डर से हमला करेंगे। BLA ने भारत से खुले समर्थन की बात भी कही है।