Bihar Chunav Party Wise Result 2025 Live Updates: 243 सीटों के लिए मतगणना शुरू,
शुरुआती रुझानों में एनडीए को बड़ी बढ़त
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Bihar Chunav Party Wise Result 2025 Live Updates: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। राज्य की 243 सीटों पर दो चरणों 6 नवंबर और 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी, जिसमें रिकॉर्ड 67.13% मतदान दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे से 46 केंद्रों पर मतों की गिनती तेज़ी से चल रही है। शुरुआती रुझानों में एनडीए को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि महागठबंधन पिछड़ता दिखाई दे रहा है। पूरे बिहार की निगाहें आज होने वाले अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, जो प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण तय करेंगे। 7.45 करोड़ मतदाताओं ने 2,616 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला वोटों में बंद कर रखा है।
कड़ी सुरक्षा में मतगणना शुरू, एनडीए को शुरुआती बढ़त बिहार के 46 मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। अब तक आए रुझानों के अनुसार, एनडीए 183 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि महागठबंधन केवल 57 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह बढ़त एनडीए के लिए बेहद उत्साहजनक है, वहीं विपक्षी दलों के लिए निराशाजनक संकेत मानी जा रही है।
छोटी पार्टियों का हाल: चिराग आगे, ओवैसी-पार्टी की भी बढ़त जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की पार्टी इस बार सभी सीटों पर पीछे चल रही है। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान 21 सीटों पर आगे चल रहे हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM भी 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो सीमांचल में उसकी पकड़ को दर्शाता है।
कौन किस सीट पर उतरा था मैदान में? 243 सीटों के इस चुनाव में एनडीए ने पांच दलों के साथ मैदान संभाला था। बीजेपी और जेडीयू दोनों ने 101-101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। लोजपा (रामविलास) 29 सीटों, जबकि आरएलएम और एचएएम 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ रही थीं। वहीं महागठबंधन की ओर से आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी रही जिसने 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इसके साथ कांग्रेस 61, सीपीआईएमएल 20, वीआईपी 13, सीपीआई (एम) 4 और सीपीआई 9 सीटों पर चुनाव मैदान में थीं।
पिछली विधानसभा का गणित और 2020 के नतीजे वर्तमान विधानसभा में बीजेपी 80 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। आरजेडी के 77, जेडीयू के 45 और कांग्रेस के 19 विधायक मौजूद हैं। वाम दलों के पास कुल 15 सीटें हैं, जबकि एआईएमआईएम के पास 1 सीट और 2 निर्दलीय सदस्य हैं। 2020 में बीजेपी ने 74 सीटें जीती थीं और जेडीयू को 43 सीटें मिली थीं। आरजेडी 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इस बार के रुझानों की तुलना 2020 से की जा रही है और शुरुआती संकेत नई राजनीतिक तस्वीर की ओर इशारा कर रहे हैं।