तुर्किये-चीन की कंपनियों पर भारत का बड़ा एक्शन: Celebi की सुरक्षा मंजूरी रद्द,
ड्रैगनपास से अडाणी का करार खत्म, सेब आयात पर भी रोक
1 months ago
Written By: NEWS DESK
India Turkish Companies Action: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान समर्थक देशों पर भारत ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अजरबैजान, चीन और तुर्किये के खिलाफ देशभर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इसी बीच भारत सरकार ने तुर्किये की प्रमुख कंपनी Celebi Airport Services India Pvt. Ltd. की सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए की गई है। अब यह कंपनी भारतीय एयरपोर्ट्स पर ग्राउंड हैंडलिंग का काम नहीं कर पाएगी। वहीं देश के पांच राज्यों में तुर्की कंपनियां अभी भी काम कर रहीं हैं। जिनके बारे में सरकार ने जानकारी जुटानी शुरु कर दी है।
BCAS ने जारी किया आदेश
वहीं इस कार्रवाई को लेकर ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि तुर्किये की इस कंपनी को भारत में सेवाएं देने की मंजूरी खत्म कर दी गई है। Celebi भारत में पिछले 15 वर्षों से कार्यरत थी और मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि, कन्नूर, गोवा और अहमदाबाद सहित नौ प्रमुख एयरपोर्ट्स पर ग्राउंड हैंडलिंग की सेवाएं दे रही थी।
कंपनी का दावा – भारत में 10,000 लोगों को दिया रोजगार
वहीं Celebi ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि, वह भारत में 10,000 से ज्यादा लोगों को सीधा रोजगार दे रही है और अब तक 220 मिलियन डॉलर का निवेश कर चुकी है। कंपनी ने बताया कि वह दुनिया के कई देशों में विमानन सेवाएं दे रही है, जिनमें हंगरी, जर्मनी, तंजानिया और इंडोनेशिया शामिल हैं।
ड्रैगनपास से अडाणी ग्रुप ने खत्म किया करार
इसी क्रम में अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने भी चीनी कंपनी ड्रैगनपास से अपना करार समाप्त कर दिया है। यह कंपनी एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस सेवाएं देती थी और यात्रियों का संवेदनशील डेटा जैसे पासपोर्ट डिटेल्स व ट्रैवल हिस्ट्री संभालती थी। अडाणी ग्रुप के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि अब ड्रैगनपास यूजर्स को अडाणी एयरपोर्ट्स पर लाउंज सुविधा नहीं मिलेगी।
आजादपुर मंडी ने तुर्किये से सेब आयात बंद किया
वहीं इसी क्रम में दिल्ली की आजादपुर मंडी, जो एशिया की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी है, ने तुर्किये से सेब आयात पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। मंडी अध्यक्ष मीठा राम कृपलानी ने बताया कि अब तुर्किये को कोई नया ऑर्डर नहीं दिया जाएगा। वर्ष 2024 में भारत ने तुर्किये से 1.16 लाख टन सेब आयात किए थे, लेकिन पाकिस्तान के समर्थन को देखते हुए यह व्यापार अब पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
शूटिंग और शादियों में भी असर
सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार अब नागरिकों से यह भी कह सकती है कि वे तुर्किये और अजरबैजान में शादी करने या फिल्मों की शूटिंग के लिए न जाएं। इससे इन दोनों देशों में होने वाली भारतीय गतिविधियों में बड़ी गिरावट आने की संभावना है।
देश के 5 राज्यों में तुर्किये की कंपनियों के प्रोजेक्ट्स
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मुंबई, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में तुर्किये की कंपनियां मेट्रो, आईटी, टनल व कंस्ट्रक्शन सेक्टर में कार्य कर रही हैं। लखनऊ, पुणे और मुंबई के मेट्रो प्रोजेक्ट्स में भी तुर्की कंपनियों की भूमिका है। अब केंद्र सरकार ने ऐसे सभी प्रोजेक्ट्स की समीक्षा शुरू कर दी है। यदि किसी भी कंपनी की भूमिका राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानी जाती है, तो उन्हें प्रोजेक्ट्स से हटाया जा सकता है।