जानें कब—कब भारत पाक पहुंचे युद्ध के मुहाने पर?
दोनों देशों के बीच कितनी बार हुआ टकराव
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
India-Pakistan : कश्मीर में पिछले हफ्ते हुए आतंकी हमले ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। यह हमला दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुआ, जिसमें 26 भारतीय पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में अधिकतर हिंदू थे। भारत ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ बताया है, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज किया है। हमले के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दे दिया है। आम नागरिकों के वीज़ा रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के लिए हवाई और जमीनी सीमाएं भी बंद कर दी हैं।
LoC पर जारी है गोलीबारी
बता दें कि सीमा पर भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। नियंत्रण रेखा (LoC) पर दोनों सेनाओं के बीच आए दिन गोलीबारी की खबरें सामने आ रही है। दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले गोली चलाने का दोषी ठहरा रहे हैं। वहीं भारत ने इस हमले के बाद सिंधु जल संधि को भी निलंबित कर दिया है, जो अब तक दोनों देशों के बीच जल बंटवारे का एक महत्वपुर्ण आधार रही है।
दशकों से चला आ रहा है विवाद
1947 में भारत-पाक विभाजन के तुरंत बाद ही कश्मीर को लेकर पहला युद्ध हुआ था। इसके बाद 1965, 1971 और 1999 में भी दोनों देश युद्ध के मुहाने पर पहुंचे। 1989 में कश्मीर में शुरू हुए उग्रवाद के बाद से हालात और बिगड़ते चले गए। 1999 के करगिल युद्ध और 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक जैसे घटनाओं ने दोनों देशों के बीच गहरी खाई बना दी। 2019 में पुलवामा हमले के बाद भी हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे।
क्या फिर होगा युद्ध
दरसअल, 2025 के पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों में फिर से युद्ध जैसे हालात बनते दिख रहे हैं। कूटनीतिक बातचीत बंद है और सैन्य गतिविधियां तेज हो रही हैं। अब दुनिया की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह तनाव किसी बड़ी टक्कर में बदलेगा, या फिर कोई सुलह का रास्ता निकलेगा। स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।