झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,
1 करोड़ का इनामी माओवादी सहदेव सोरेन मुठभेड़ में ढेर
4 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Jharkhand Naxal Encounter: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में 1 करोड़ रुपये का इनामी माओवादी और भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य सहदेव सोरेन मारा गया। सीआरपीएफ की कोबरा यूनिट ने गिरीडीह और हजारीबाग पुलिस के साथ मिलकर यह संयुक्त अभियान चलाया। यह मुठभेड़ हजारीबाग जिले के गिरिहोर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में हुई, जो बोकारो और गिरीडीह के सीमावर्ती इलाके में आता है। घटना सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है।
मुठभेड़ में तीन बड़े नक्सली ढेर मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को सहदेव सोरेन समेत दो और नक्सलियों के शव मिले। इनमें बिहार-झारखंड विशेष क्षेत्र समिति का सदस्य रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ चंचल शामिल है, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम था। तीसरा नक्सली बिरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन था, जो जोनल समिति का सदस्य था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस प्रकार सुरक्षा बलों ने एक ही ऑपरेशन में तीन बड़े नक्सली कमांडरों को ढेर कर दिया है। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है।
रविवार को भी पलामू में मिली थी सफलता इससे पहले रविवार को भी पलामू जिले में सुरक्षा बलों को सफलता मिली थी। मनातू के जंगलों में हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया था। पुलिस ने बताया था कि मारा गया नक्सली संभवतः मुखदेव यादव था, जो प्रतिबंधित तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) का कमांडर था। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटनास्थल से एक इंसास राइफल बरामद की गई थी। उस ऑपरेशन में कोबरा, झारखंड जगुआर और पलामू पुलिस के 200 से ज्यादा जवान शामिल थे। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई सुरक्षाबलों के मनोबल को बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि अभियान और तेज किया जाएगा ताकि नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।